ग्वालियर के गोला का मंदिर क्षेत्र में बिल्डर के अपहरण और कुकृत्य के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। …और पढ़ें

HighLights
- आरोपियों ने मारपीट कर चेक पर जबरन साइन कराए
- घटना का वीडियो बनाकर बाद में मोबाइल से डिलीट किया
- पुलिस ने मोबाइल जब्त कर वीडियो रिकवरी की तैयारी
नई प्रतिनिधि, ग्वालियर। गोला का मंदिर इलाके में रहने वाले एक बिल्डर के अपहरण और उसके साथ कुकृत्य के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अब भी फरार हैं। चारों आरोपियों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
दुश्मनी के चलते रची गई साजिश
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल की शाम ओमकार सिकरवार, जितेंद्र सिकरवार, गौरव उर्फ गौरी यादव और इंद्रपाल सिंह तोमर ने मिलकर बिल्डर का अपहरण किया था। बताया गया है कि बिल्डर, ओमकार सिकरवार उर्फ भूरे सिकरवार के दुश्मन का साझेदार था, जिसके चलते उसे निशाना बनाया गया।
मारपीट कर जबरन साइन करवाए चेक
अपहरण के बाद आरोपियों ने बिल्डर के साथ कुकृत्य किया, उसके साथ मारपीट की और कट्टा अड़ाकर गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उससे 10-10 लाख रुपये के तीन चेक पर जबरन हस्ताक्षर करवा लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
वीडियो बनाया, फिर किया डिलीट
गिरफ्तार आरोपी गौरव उर्फ गौरी यादव ने पूछताछ में बताया कि वह ओमकार सिकरवार का दोस्त है। वारदात के दौरान उसने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद उसने वीडियो डिलीट कर दिया।
मोबाइल जब्त, वीडियो रिकवरी की तैयारी
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है और अब साइबर एक्सपर्ट की मदद से डिलीट किया गया वीडियो रिकवर करने की कोशिश की जा रही है। इस वीडियो को साक्ष्य के रूप में केस डायरी में शामिल किया जाएगा। वहीं, फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।
