राजधानी भोपाल के बहुचर्चित त्विषा शर्मा मौत मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। दिल्ली एम्स द्वारा तैयार की गई दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट सीलबंद लिफाफे में सीबीआई को सौंप दी गई है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई रिपोर्ट का गहन अध्ययन कर रही है और इसे जल्द ही सुप्रीम कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा। अदालत के निर्देशों के आधार पर ही जांच की आगामी दिशा तय होगी।
मामले की जांच फिलहाल त्विषा शर्मा की गर्भावस्था, संभावित गर्भपात और उसके बाद हुई मौत की परिस्थितियों पर केंद्रित है। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला था या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी। पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान मिलने का उल्लेख किया गया था। अब दूसरी रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों का पहले से उपलब्ध साक्ष्यों और घटनास्थल की परिस्थितियों से मिलान किया जा रहा है।