जीवाजी विश्वविद्यालय ने बुधवार को एक साथ कई स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के प …और पढ़ें

HighLights
- जीवाजी विश्वविद्यालय ने जारी किए परीक्षा परिणाम
- बीए (ऑनर्स) सहित कई पाठ्यक्रमों के रिजल्ट घोषित
- 7 दिनों के भीतर कर सकेंगे रीवैल्यूएशन का आवेदन
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। जीवाजी विश्वविद्यालय ने बुधवार को एक साथ कई स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। विश्वविद्यालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बीते दिनों आयोजित परीक्षाओं के अंतर्गत बीएससी (ऑनर्स), बीए (ऑनर्स), लाइब्रेरी साइंस, एमए हिंदी के साथ-साथ अब बी.फार्मा तृतीय सेमेस्टर (सीबीसीएस) और बी.फार्मा तृतीय सेमेस्टर (एटीकेटी) के परिणाम भी घोषित किए गए हैं।
बी. फार्मा तृतीय सेमेस्टर (सीबीसीएस) में बड़ी संख्या में छात्र सफल घोषित किए गए हैं, जबकि कई छात्रों को अगले सेमेस्टर में प्रमोट किया गया है। वहीं कुछ परीक्षार्थियों के परिणाम अनुचित साधनों के कारण रोके गए हैं। बी.फार्मा (एटीकेटी) के अंतर्गत भी छात्रों को पास और प्रमोटेड श्रेणियों में परिणाम जारी किया गया है।
प्रथम सेमेस्टर के परिणाम और अंक सूची की जानकारी
इससे पहले विश्वविद्यालय ने बीएससी (ऑनर्स) फिजिक्स, जूलॉजी, बॉटनी, बायोकेमिस्ट्री, मैथ्स, बीए (ऑनर्स) जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, बैचलर एवं मास्टर ऑफ लाइब्रेरी एंड इंफॉर्मेशन साइंस तथा एमए हिंदी (प्राइवेट) के प्रथम सेमेस्टर के परिणाम घोषित किए थे। इन सभी पाठ्यक्रमों में छात्रों को पास, एटीकेटी और फेल श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। बता दें कि संस्थान के सभी छात्र विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन मार्क स्टेटमेंट देख सकते हैं।
रीवैल्यूएशन के लिए 7 दिन का समय
इस परीक्षा परिणाम को जारी करने के साथ ही जीवाजी विश्वविद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि जो छात्र अपने अंकों से संतुष्ट नहीं हैं, वे परिणाम घोषित होने की तिथि से 7 दिनों के भीतर उत्तर पुस्तिका अवलोकन एवं अंक संवीक्षा (रीवैल्यूएशन) के लिए आवेदन कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद अधिकतम 3 दिनों तक 200 रुपए विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।
यह भी पढ़ें- 1000 चोरियां कर चुका चोर गिरफ्तार, पकड़े जाने पर कहा- छूटने पर फिर करूंगा चोरी
विदहेल्ड (रोके गए) मामलों के लिए निर्देश
इस परीक्षा परिणाम में जिन छात्रों का परिणाम किसी कारणवश रोका गया है, उन्हें आवश्यक दस्तावेज विश्वविद्यालय कार्यालय में जमा कर 6 माह के भीतर अपना परिणाम घोषित करवाना होगा, अन्यथा बाद में उनके आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों को निर्देशित किया है कि इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि छात्र समय पर आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकें और किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
