पुलिस को घायल रामवीर ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले उदय उर्फ पिंटू गुर्जर से प्लाट पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों इसे अपना बताते हैं। …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर में सुबह 9 बजे सनसनीखेज वारदात
- प्लाट पर कब्जे को लेकर पुरानी रंजिश
- सीसीटीवी में कैद हुई लाइव वारदात
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर इलाके में जमीन के विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला हो गया। शनिवार सुबह करीब नौ बजे यह घटना थाटीपुर स्थित पीएनटी चौराहा के पास हुई। यहां युवक पर लाठियों से हमला किया गया। करीब 15 मिनट तक हमलावर उसे पीटते रहे। फिर आरोपितों ने गोलियां भी चलाई। इस दौरान छर्रे उचटकर युवक के शरीर में लगे। वह गंभीर रूप से घायल है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बदमाशों के हाथों में थी लाठी और बंदूक
थाटीपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दुल्लपुर का रहने वाला रामवीर गुर्जर पीएनटी चौराहा के पास सुबह करीब नौ बजे खड़ा हुआ था। इस दौरान मुंह पर कपड़ा बांधकर आधा दर्जन बदमाश आ गए। इनके हाथ में लाठी और बंदूक थी। इन लोगों ने आते ही रामवीर पर हमला कर दिया। रामवीर को सड़क पर पटका और उसे पीटते रहे। इसके बाद इन आरोपितों ने गोलियां चलाई। रामवीर के सिर में लाठी लगी जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गोली के छर्रे भी रामवीर के शरीर में जा लगे।
लहूलुहान हाल में छोड़कर आरोपित भाग निकले। यहां मौजूद लोगों ने उसे उठाया। पुलिस को सूचना दी और अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही सीएसपी अतुल कुमार सोनी, थाटीपुर थाना प्रभारी विपेंद्र सिंह चौहान फोर्स के साथ पहुंच गए। रामवीर से जब पूछताछ की गई तो उसने बताया कि पड़ोस में रहने वाले उदय उर्फ पिंटू गुर्जर से प्लाट पर कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। दोनों इसे अपना बताते हैं। इसी को लेकर करीब दो सप्ताह पहले भी दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। उस समय भी मारपीट की स्थिति बन गई थी। रामवीर का कहना है-उस पर दूसरे पक्ष द्वारा ही हमला किया गया है।
सीसीटीवी कैमरे में नजर आई घटना: इस घटना के दौरान बाजार में काफी भीड़ थी। पूरे बाजार में दहशत फैल गई। आसपास के दुकानदारों ने दुकानों के शटर डाल दिए। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
जल्द आरोपी पकड़े जाएंगे…
पीएनटी चौराहा के पास युवक पर हमला हुआ है। जमीन विवाद को लेकर हमले की बात सामने आई है। जल्द ही आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।- अतुल कुमार सोनी, सीएसपी, मुरार सर्किल
