नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। पश्चिमी एशिया में चल रहे युद्ध के कारण मार्च महीने में पैदा हुआ एलपीजी संकट अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। ग्वालियर में घरेलू गैस सिलिंडर की डिलिवरी व्यवस्था पहले की तुलना में काफी सुधर गई है। पहले जहां बुकिंग के बाद सिलिंडर मिलने में आठ से 10 दिन लग रहे थे, वहीं अब उपभोक्ताओं को दो से तीन दिन में सिलिंडर मिलने लगा है।

15 मार्च के बाद एलपीजी की आपूर्ति प्रभावित होने से शहर में गैस संकट गहरा गया था। कई उपभोक्ताओं की बुकिंग ही नहीं हो पा रही थी और जिनकी बुकिंग हो रही थी, उन्हें लंबे इंतजार के बाद सिलिंडर मिल रहा था।

पैनिक बुकिंग से बिगड़ी थी स्थिति

14 मार्च को केंद्र सरकार ने एलपीजी सिलिंडर की बुकिंग और कमर्शियल सिलिंडर वितरण को लेकर नई अधिसूचना जारी की थी। इसके बाद लोगों ने पैनिक बुकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान गैस प्लांटों से सिलिंडर की सप्लाई भी कम हो गई, जिससे वितरण व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।

एलपीजी एजेंसियों के मुताबिक अधिकांश उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिल चुके हैं और अब दोबारा बुकिंग 25 दिन बाद ही संभव है। ऐसे में पैनिक बुकिंग बंद हो गई है, जिससे व्यवस्था में सुधार आया है।

सप्लाई बढ़ने से पटरी पर लौटी डिलिवरी

गैस कंपनियों ने प्लांटों से सिलिंडर की आपूर्ति बढ़ा दी है। इसके कारण अब बुकिंग के बाद डीएसी नंबर जारी होने पर दो से तीन दिन में सिलिंडर की डिलिवरी हो रही है। एजेंसियों का कहना है कि स्थिति सामान्य रही तो आने वाले दिनों में समय पर डिलिवरी शुरू हो जाएगी।

कमर्शियल सिलिंडर की मांग भी घटी

कमर्शियल सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और शादी समारोहों का सीजन खत्म होने से इसकी मांग में भी कमी आई है। अब केवल होटल, रेस्टोरेंट और बड़े कारोबारी संस्थान ही इन सिलिंडरों का उपयोग कर रहे हैं।

फैक्ट फाइल

शहर में करीब 5 लाख एलपीजी उपभोक्ता

लगभग 20 हजार कमर्शियल गैस कनेक्शन

बुकिंग के बाद 2 से 3 दिन में हो रही डिलिवरी

सिलिंडरों की सप्लाई भी बढ़ गई

“अब पैनिक बुकिंग नहीं हो रही है। गैस कंपनियों से सिलिंडरों की सप्लाई भी बढ़ गई है। इसी वजह से बुकिंग के बाद दो से तीन दिन में सिलिंडर की डिलिवरी हो रही है। अगर हालात सामान्य रहे तो आने वाले दिनों में व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी।”

– श्यामानंद शुक्ला, कोऑर्डिनेटर, ग्वालियर-चंबल एलपीजी एसोसिएशन

यह भी पढ़ें- MP के रेल यात्रियों के लिए जरूरी खबर, भोपाल रेल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनें डायवर्ट, यात्रा से पहले चेक करें टाइमिंग



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *