नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। आज के डिजिटल दौर में लाइक और व्यूज की भूख क्या-कुछ नहीं करवा देती। शहर के वार्ड क्रमांक 10 के घासमंडी इलाके में कुछ किशोरों को इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने का ऐसा चस्का लगा कि उन्होंने पूरे क्षेत्र की प्यास पर ही पहरा लगवा दिया। मामला पानी की टंकी में सांप होने की अफवाह का था, जो अंततः एक प्रैंक वीडियो निकला।

दरअसल, इंटरनेट मीडिया पर रातों-रात स्टार बनने की चाहत में कुछ किशोरों ने एक वीडियो शूट किया। वीडियो में दावा किया गया कि घासमंडी स्थित पानी की टंकी में मरा हुआ एक सांप है। युवकों ने वीडियो में सांप को लकड़ी से निकालते हुए भी दिखाया। देखते ही देखते यह वीडियो फैल गया और स्थानीय निवासियों में दहशत का माहौल बन गया।

पकड़ी गई चोरी, रुक गई सप्लाई

अफवाह की भनक लगते ही नगर निगम प्रशासन तुरंत हरकत में आया। जांच के दौरान पता चला कि कुछ कर्मचारियों ने इन किशोरों को लकड़ी में सांप लेकर टंकी की ओर जाते देखा था और उन्हें टोका भी था। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय ने तत्काल जांच के आदेश दिए।

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र की जलापूर्ति रोक दी, जिससे हजारों लोग प्रभावित हुए। अपर आयुक्त प्रदीप तोमर ने खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

किशोरों ने वीडियो पर ही मांगी माफी

जब निगम अधिकारियों ने कड़ाई से पूछताछ की, तो रील बनाने वाले किशोरों ने कुबूल किया कि उन्होंने सिर्फ व्यूज बढ़ाने के लिए यह भ्रामक वीडियो बनाया था। जांच में टंकी के भीतर कोई सांप नहीं मिला, लेकिन नागरिकों के स्वास्थ्य से समझौता न करते हुए पूरी टंकी की विधिवत सफाई कराई गई।

अपनी गलती का अहसास होने पर किशोरों ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कसम खाई।

अधिकारियों का क्या कहना

“दो-तीन किशोरों ने केवल व्यूज बढ़ाने के चक्कर में मरे हुए सांप को लकड़ी पर टांग कर टंकी पर ले गए और निकालते हुए वीडियो बनाया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि व्यूज व सब्सक्राइबर बढ़ाने के लिए उन्होंने ऐसा किया है। किशोरों ने माफी मांगी है। लेकिन पानी की टंकी की सफाई कराई गई है।”

प्रदीप तोमर, अपर आयुक्त नगर निगम

यह भी पढ़ें- भोपाल में देर रात युवक के साथ खौफनाक वारदात, लूट का विरोध करने पर ई-रिक्शा चालक और उसके दोस्तों ने चाकू से गोदा



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *