ग्वालियर के थाटीपुर में खुला सीवर चैंबर हादसे का कारण बना। 75 वर्षीय महिला गिरकर घायल हुई। फायर टीम ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया, निगम ने बसों से ढ …और पढ़ें

HighLights
- थाटीपुर में खुला सीवर चैंबर बना हादसे का कारण
- 75 वर्षीय महिला अंधेरे में गिरकर गंभीर रूप से घायल
- फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों ने किया सफल रेस्क्यू
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। नगर निगम के सीवर संधारण अमले की लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जब रविवार की सुबह थाटीपुर इलाके में एक बुजुर्ग महिला खुले सीवर चैंबर में जा गिरी। लगभग आठ फीट गहरे इस सीवर चैंबर पर ढक्कन भी नहीं लगा था। सुबह के समय महिला शौच के लिए घर से निकली थी और पर्याप्त उजाला न होने के कारण चैंबर में गिर गई। इसके बाद महिला ने जोर-जोर से चिल्लाकर मदद मांगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों और फायर ब्रिगेड के अमले ने महिला को बाहर निकालकर डायल 112 के माध्यम से इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के मुताबिक, थाटीपुर विवेकानंद चौराहा के पास रविवार तड़के 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला शांति बाई घर से शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान आठ फीट गहरे सीवर चैंबर में जा गिरी। इस चैंबर पर कोई ढक्कन नहीं था। महिला ने चिल्लाकर मदद मांगी, तो आसपास के लोगों ने तुरंत ही पुलिस व फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
निगम का दावा-बसों की टक्कर से हटा ढक्कन और फ्रेम
- इस मामले की जानकारी मिलने पर निगमायुक्त संघ प्रिय ने सहायक यंत्री महेंद्र अग्रवाल से मामले की जांच कराई। निगम का दावा है कि जिस जगह पर सीवर चैंबर है, उस मैदान में 15 से 20 बसें प्रतिदिन आकर खड़ी होती हैं। इन बसों की टक्कर से सीवर लाइन के चैंबर का ढक्कन व फ्रेम सरक गया था।
- सुबह पांच बजे अंधेरे में महिला गिर गई, जिसे सुबह ही फायर ब्रिगेड टीम तथा स्थानीय निवासियों एवं पुलिस द्वारा सुरक्षित निकाला गया। बस की टक्कर से हटे ढक्कन फ्रेम को वापस चैंबर पर रख दिया गया और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि आगे से भविष्य में चैंबर कवर हटे नहीं।
महिला को सुरक्षित बाहर निकाला
रस्सियों और सीढ़ी की मदद से महिला को बाहर निकाला महिला को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू आपरेशन शुरू किया गया। रस्सियों और सीढ़ी की मदद से काफी मुश्किल के बाद महिला को सुरक्षित बाहर निकाला गया। हादसे में उनके सिर, हाथ और पैर में चोटें आई हैं, फिलहाल उन्हें जया आरोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही अमला मौके पर पहुंचा और महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।
