एक ई-रिक्शा (टमटम) को वाटर टैंक में तब्दील किया गया है, जो सुबह से शाम तक पूरे जेएच परिसर में चक्कर लगाता है। …और पढ़ें

HighLights
- समाजसेवा की अनूठी पहल
- रोजाना सैकड़ों लोग व मरीज पी रहे हैं शुद्ध आरओ का पानी
- भीषण गर्मी में साबित हो रहा है वरदान
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर अंचल के सबसे बड़े अस्पताल जया आरोग्य चिकित्सालय में मरीजों और उनके स्वजन के लिए एक चलती-फिरती जल सेवा वरदान साबित हो रही है। अस्पताल की लंबी कतारों और वार्डों के बीच भटकते तीमारदारों की प्यास बुझाने के लिए एक समाजसेवी ने अनूठी पहल शुरू की है।
वाटर कूलरों तक अब नहीं लगाना पड़ रही दौड़
भीषण गर्मी के दौरान अस्पताल में ठंडे पानी के लिए लोगों को दूर-दराज के वाटर कूलरों तक दौड़ लगानी पड़ती है, लेकिन इस पहल के तहत पानी खुद प्यासे तक पहुंच रहा है। एक ई-रिक्शा (टमटम) को वाटर टैंक में तब्दील किया गया है, जो सुबह से शाम तक पूरे जेएच परिसर में चक्कर लगाता है।
इस टमटम में साधारण पानी नहीं, बल्कि आरओ (रिवर्स आस्मोसिस) का शुद्ध और ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। यह टमटम कार्डियोलाजी, ट्रामा सेंटर और विभिन्न वार्डों के बाहर खड़ा होकर निश्शुल्क जल सेवा दे रहा है।
समाजसेवी का संकल्प, कोई प्यासा न रहे
इस निश्शुल्क सेवा को संचालित करने वाले समाजसेवी का कहना है कि अस्पताल में आने वाले अधिकांश लोग दूर-दराज के गांवों से आते हैं। इलाज की भागदौड़ में वे अपनी बुनियादी जरूरतों को भूल जाते हैं। ऐसे में उन्हें शुद्ध पानी के लिए भटकना न पड़े या जेब से पैसे खर्च न करने पड़ें, इसीलिए यह अभियान रोजाना चलाया जा रहा है।
स्वजन के चेहरे पर राहत की मुस्कान
अस्पताल परिसर में मौजूद मरीज के स्वजन रामवीर सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा इतनी गर्मी में जब गला सूखने लगता है और पास में पानी की बोतल न हो, तब इस टमटम को देखकर जान में जान आती है। सबसे बड़ी बात यह है कि पानी एकदम साफ और ठंडा होता है।
