उज्जैन के महिदपुर रोड स्थित गोगापुर क्षेत्र में दो बाइकों की टक्कर के बाद शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मामला थाने तक पहुंचा, जहां पथराव में थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे गोगापुर में दो बाइक आपस में टकरा गईं। एक बाइक पर शिकारीखेड़ा के महिला और पुरुष सवार थे, जबकि दूसरी बाइक पर अन्य लोग सवार थे। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई। इसी दौरान बंजारा समाज के लोग भी मौके पर एकत्रित हो गए।
पोरवाल धर्मशाला के बाहर एकत्रित होकर हंगामा करने लगे
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। इसके बाद दोनों पक्ष महिदपुर थाना पहुंचे। यहां एक पक्ष के लोग थाना परिसर के पास स्थित पोरवाल धर्मशाला के बाहर एकत्रित होकर हंगामा करने लगे।
कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। महिदपुर एसडीओपी जेडेन लिंगजेरपा के अनुसार, जब विवाद दोबारा बढ़ा तो थाना प्रभारी रामसिंह भाबोर, एएसआई सुरेशचंद्र सोनगरा, प्रधान आरक्षक समरथलाल और आरक्षक मदन पग्गी सहित अन्य पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने पहुंचे। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव में थाना प्रभारी रामसिंह भाबोर के सिर और आंख के पास पत्थर लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए। एएसआई सोनगरा को पीठ और हाथ में, प्रधान आरक्षक समरथलाल को हाथ में तथा आरक्षक मदन पग्गी को पीठ पर चोटें आईं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
ये भी पढ़ें- खंडवा में प्रेम-प्रसंग बनी खून की वजह: सड़क हादसे की आड़ में रची गई हत्या की साजिश; आरोपी भाजपा नेता गिरफ्तार
कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया गया
घटना के बाद आरक्षक मदन पग्गी की शिकायत पर पुलिस ने रतन बंजारा, भारत बंजारा, सरदार बंजारा, तूफान बंजारा, हाकम बंजारा, वकील बंजारा, गीताबाई बंजारा सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
