बाबा महाकाल के दर्शन की आस लेकर निकली एक श्रद्धालु की यात्रा अधूरी रह गई। इंदौर से भतीजे के साथ बाइक पर उज्जैन आ रही 55 वर्षीय राजकुमारी साहू की सड़क हादसे में मौत हो गई।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर की रहने वाली राजकुमारी साहू कुछ दिन पहले अपनी बहन के घर इंदौर आई थीं। शनिवार सुबह वह अपने भतीजे रितिक साहू के साथ बाइक से महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन रवाना हुई थीं। इंदौर रोड स्थित टोल नाके के पास अचानक बाइक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे पीछे बैठीं राजकुमारी सड़क पर गिर गईं। गिरते ही उनका सिर सीमेंटेड डिवाइडर से टकरा गया।

पढ़ें:  बेकाबू डंपर ने चार लोगों को कुचला, तीन की मौत; एक की हालत गंभीर

हादसे के दौरान पीछे दूसरी गाड़ी से आ रहे उनके दामाद रामू साहू ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। बाइक चला रहे रितिक को इस दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। दर्शन की इच्छा लेकर निकली राजकुमारी की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत


उधर, भैरवगढ़ क्षेत्र के उन्हेल रोड पर एक अन्य सड़क हादसे में 40 वर्षीय मजदूर बलराम पिता सिद्धू की मौत हो गई। बलराम शुक्रवार को मजदूरी के लिए घर से निकले थे। शाम को काम खत्म कर बाइक से घर लौटते समय अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल बलराम को तत्काल चरक अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों के अनुसार बलराम विवाहित थे और उनके चार बच्चे हैं। शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *