जिले के घट्टिया विधानसभा क्षेत्र में नर्मदा पाइप लाइन से वंचित किसानों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। करणी सेना के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने तहसील कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
करीब तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान किसान तख्तियां लेकर तहसील कार्यालय पहुंचे और एसडीएम राजाराम करजरे को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि क्षेत्र के 60 से 65 गांव आज भी नर्मदा पाइप लाइन योजना से वंचित हैं, जिसके कारण उन्हें भारी जल संकट का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने बताया कि लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण खेती करना मुश्किल होता जा रहा है। सिंचाई के अभाव में फसलें प्रभावित हो रही हैं और किसान आर्थिक संकट में फंसते जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: किसानों के मुद्दे पर कांग्रेस का हाईवे सत्याग्रह कल: 7 जगह जाम, 11 जिलों में असर, खरीदी व्यवस्था फेल का आरोप
प्रदर्शन कर रहे किसानों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर नर्मदा पाइप लाइन को मंजूरी देकर काम शुरू नहीं किया गया तो 25 मई से 60-65 गांवों के किसान अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
एसडीएम राजाराम करजरे ने किसानों का ज्ञापन लेकर उनकी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। हालांकि किसानों का कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर समाधान चाहिए।
किसानों ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जल्द नर्मदा पाइप लाइन स्वीकृत कर कार्य शुरू कराने की मांग की है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
