अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के महामंडलेश्वर डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज को उत्तर प्रदेश से कथित रूप से जान से मारने की धमकी मिली है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए एक पत्र में उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन को अवगत कराया गया है।
महामंडलेश्वर को प्राप्त पत्र में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया है। पत्र में दावा किया गया है कि उन्हें कोई नहीं बचा पाएगा और उनके खिलाफ गंभीर कार्रवाई की जाएगी। पत्र में उदयपुर के चर्चित कन्हैयालाल हत्याकांड का भी उल्लेख किया गया है।
डॉ. सुमनानंद गिरि महाराज ने बताया कि इससे पहले भी उन्हें कई बार धमकी भरे पत्र और संदेश मिल चुके हैं। हर बार उन्होंने इसकी सूचना प्रशासन और पुलिस को दी है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज कुंभ के दौरान उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी लेकिन वर्तमान में मध्य प्रदेश में उन्हें कोई सरकारी सुरक्षा नहीं मिली हुई है।
ये भी पढ़ें: Indore News: लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, 10 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ाई महिला पटवारी
महामंडलेश्वर ने क्षेत्र की भौगोलिक और सुरक्षा संबंधी परिस्थितियों का हवाला देते हुए प्रशासन से इलाके में पुलिस थाना या स्थायी सुरक्षा चौकी स्थापित करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उज्जैन जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भी सौंपी है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्र की जांच शुरू कर दी है।
महामंडलेश्वर ने उन्हें पूर्व में भी कई बार मिली धमकियों की जानकारी देते हुए बताया कि
- दिसंबर 2024: प्रयागराज के नवाब नगर, करेली क्षेत्र से कथित रूप से एक धमकी भरा पत्र मिला था।
- साल 2023: अखाड़ा परिषद की बैठक के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने धमकी भरा पत्र भेजा था।
- भानपुरा से उज्जैन लौटते समय: कुछ लोगों द्वारा रास्ता रोककर धमकाने का आरोप लगाया गया था।
- 10 अगस्त 2024: मौन तीर्थ आश्रम में कथित रूप से घुसने का प्रयास किया गया और सुरक्षा कर्मियों से मारपीट की गई थी।
महामंडलेश्वर का कहना है कि उन्होंने हर बार प्रशासन को इसकी जानकारी दी है। फिलहाल पुलिस ताजा धमकी भरे पत्र की जांच कर रही है और उसके स्रोत का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
