उज्जैन के घट्टिया थाना क्षेत्र में लोहे के औजार लेकर जा रहे एक युवक को ग्रामीणों ने चोरी की शंका में पकड़कर रस्सी से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में हकीकत कुछ और ही निकली। सच्चाई सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक से माफी मांगी। बाद में दोनों पक्षों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार करते हुए पुलिस को आवेदन दे दिया। रस्सी से बंधे युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
मामला घट्टिया थाना क्षेत्र के ग्राम ढाबला रेहवारी का है। उज्जैन के नागझिरी क्षेत्र स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाला राहुल साठिया अपने एक दोस्त के साथ गांव से निकल रहा था। उसके पास लोहे के कुछ औजार भी थे। इसे देखकर ग्रामीणों को शक हुआ कि वे मवेशी चोरी करने के इरादे से आए हैं। इसके बाद ग्रामीणों ने राहुल और उसके दोस्त को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान राहुल का साथी भाग निकला, लेकिन राहुल ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।
राहुल को पकड़कर लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके पैर रस्सी से बांध दिए, ताकि वह भाग न सके। करीब आधे घंटे तक लोगों ने राहुल को रस्सी से बांधकर रखा और उसके साथ मारपीट करते रहे। राहुल उन्हें समझाने की कोशिश करता रहा कि वह चोर नहीं, बल्कि एक कारीगर है, लेकिन लोगों को उसकी बातों पर यकीन नहीं हुआ।
वास्तविकता सामने आने पर मांगी माफी
घट्टिया थाना प्रभारी करण खोवाल ने बताया कि गलतफहमी के चलते ग्रामीणों ने उज्जैन निवासी युवक को चोरी के शक में पकड़ लिया था। बाद में वास्तविकता सामने आने पर उन्होंने माफी भी मांगी। दोनों पक्षों ने आवेदन देकर किसी भी प्रकार की कार्रवाई से इनकार कर दिया।
ये भी पढ़ें- MP Weather Today: तेज गर्मी से बेहाल एमपी, 22 जिलों में हीट वेव का अलर्ट, महीने के अंत में बारिश के संकेत
पुलिस ने राहुल को लोगों के चंगुल से छुड़ाया
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहुल को लोगों के चंगुल से छुड़ाया। थाने ले जाकर पूछताछ में पता चला कि राहुल गौवंश के सींग में लगे कीड़े-दीमक निकालकर उनमें पेंट करने और नक्काशी का काम करता है। इसी कारण वह लोहे के औजार लेकर जा रहा था। पुलिस ने जैथल स्थित एक किसान के यहां भी पुष्टि की, जहां राहुल ने एक दिन पहले काम किया था। हकीकत सामने आने के बाद ग्रामीणों ने राहुल से माफी मांगी और राहुल ने भी किसी कार्रवाई से इनकार कर दिया।
