मध्य प्रदेश में मानसून की चाल अभी भी सुस्त बनी हुई है। प्रदेश में 24 जून को मानसून की एंट्री होने के बावजूद अब तक केवल 15 जिले ही इसकी जद में आए हैं, जबकि 40 जिलों में मानसून का इंतजार जारी है। इसका असर बारिश के आंकड़ों पर भी दिख रहा है। जून महीने में अब तक प्रदेश में सामान्य से 38 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने सोमवार को उज्जैन, देवास, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, मंडला और बालाघाट में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 24 घंटे के दौरान 4 इंच या उससे अधिक बारिश हो सकती है।
भोपाल-इंदौर समेत कई जिलों में येलो अलर्ट
भोपाल, इंदौर, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, धार, झाबुआ, आलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, निवाड़ी, नीमच और मंदसौर में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इन जिलों में अभी मानसून नहीं पहुंचा है।
यह भी पढ़ें-गिरिबाला सिंह के घर चोरों का धावा, पुलिस को देख जेवरात और महत्वपूर्ण फाइलें छोड़ भागे चोर
बारिश से तापमान में गिरावट
बारिश की वजह से अधिकतम तापमान में कमी आई है। पांच बड़े शहरों में उज्जैन सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इंदौर में 33.8 डिग्री, भोपाल में 34.6 डिग्री, जबलपुर में 38.3 डिग्री और ग्वालियर में 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश में सबसे कम अधिकतम तापमान खंडवा में 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नौगांव सबसे गर्म रहा, जहां पारा 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
आगे क्या कहता है मौसम विभाग
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो-तीन दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी। इसके साथ ही मानसून प्रदेश के बाकी जिलों में भी आगे बढ़ सकता है, जिससे बारिश की कमी धीरे-धीरे पूरी होने की उम्मीद है। रविवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। मंदसौर और रतलाम में तेज बारिश हुई। इसके अलावा गुना, श्योपुर, बड़वानी, शाजापुर, सीहोर, उज्जैन और छतरपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई।
