मुख्यमंत्री मोहन यादव बुधवार को भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में राज्य स्तरीय साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ का शुभारंभ करेंगे। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित इस विशेष अभियान का उद्देश्य नागरिकों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखना तथा जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना भी उपस्थित रहेंगे। अभियान के तहत आमजन, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि वे सुरक्षित साइबर व्यवहार अपना सकें।
ये भी पढ़ें- MP UCC: 5 जुलाई को समिति सरकार को सौंपेगी ड्राफ्ट,सीएम बोले- 90 प्रतिशत से अधिक लोगों ने यूसीसी का समर्थन किया
कार्यक्रम के दौरान साइबर सुरक्षा एवं बाल संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत बनाने के लिए ‘इंडिया चाइल्ड प्रोटेक्शन’ के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों में डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार विशेष साइबर जागरूकता पुस्तिका तथा ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान के जागरूकता वीडियो का विमोचन भी किया जाएगा। इस अवसर पर आमजन को साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल और प्रभावी तरीके से देने के लिए नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री यादव प्रदेशव्यापी जनजागरूकता गतिविधियों के संचालन के लिए साइबर जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह रथ विभिन्न जिलों का भ्रमण कर लोगों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और साइबर सतर्कता का संदेश देगा।
ये भी पढ़ें- भाजपा की सफाई: हेमंत खंडेलवाल बोले- CM की संपत्ति में नहीं हुआ कोई बदलाव, यह राजनीतिक साजिश का हिस्सा
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा आधिकारिक पोर्टल पर दें और सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।