पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर ने विकास कार्यों में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करने वाले ठेकेदारों को चिन्हित कर ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। मंगलवार को मंत्रालय में आयोजित समीक्षा बैठक में गौर ने गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जवाब-तलब किया और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- MP Cabinet: स्कूल अपग्रेड होंगे, किसानों को मिलेगा शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, कैबिनेट ने लिए कई अहम फैसले
राज्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों से कहा कि जिन कार्यों के वर्कऑर्डर जारी हो चुके हैं, उनका शीघ्र भूमि पूजन कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि नागरिकों को समय पर मूलभूत सुविधाओं का लाभ मिल सके। बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और निर्धारित समय-सीमा की विस्तृत समीक्षा की गई।
ये भी पढ़ें- MP: ‘सत्ता व संपत्ति की लड़ाई चल रही है’, जयराम रमेश का भाजपा पर बड़ा हमला; जमीन खरीद मामले पर गरमाई सियासत
गौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित कार्यों को अगले तीन दिनों में पूर्ण करने की कार्ययोजना बनाकर अमल में लाया जाए। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग कर यह सुनिश्चित किया जाए कि विकास कार्य तय समय में और गुणवत्ता के साथ पूरे हों। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
