इंदौर में मेट्रो ट्रेन के संचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं। पिछले एक सप्ताह से प्रतिदिन गांधी नगर से रेडिसन चौराहा तक मेट्रो का ट्रायल 8 से 10 बार किया जा रहा है। बुधवार को ट्रैक पर हल्की बारिश के बीच ट्रेन तेज गति से दौड़ती नजर आई। इंदौर में मेट्रो 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। फिलहाल मेट्रो का संचालन लोको पायलट करेंगे, लेकिन भविष्य में बिना लोको पायलट के भी ट्रेन का संचालन संभव हो सकेगा।
इंदौर में मेट्रो ट्रेन का संचालन 20 जून से 17 किलोमीटर के हिस्से में शुरू होने जा रहा है। सोमवार को नगरीय प्रशासन विभाग के प्रमुख सचिव संजय दुबे ने मेट्रो संचालन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों की बैठक ली और एरोड्रम क्षेत्र में मेट्रो के भूमिगत ट्रैक का निरीक्षण भी किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संचालन शुरू होने के बाद मेट्रो के फेरे बंद न किए जाएं।
इंदौर में मेट्रो ट्रेन का किराया कितना होगा, इसका खुलासा अभी तक मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने नहीं किया है। हालांकि, अधिकतम किराया 80 रुपये तक रहने की संभावना है। दूरी के अनुसार किराया 20, 30 और 60 रुपये तक हो सकता है। 20 जून को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री मोहन यादव मेट्रो के दूसरे चरण के संचालन का शुभारंभ करेंगे।
पार्किंग व्यवस्था का अभाव
इंदौर में मेट्रो ट्रेन के लिए प्रतिदिन यात्री आसानी से मिल जाएंगे, क्योंकि सुपर कॉरिडोर पर आईटी कंपनियां और बड़े कॉलेज स्थित हैं। हालांकि, मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के वाहनों के लिए स्टेशनों के आसपास पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इससे यात्रियों को अपने वाहन खड़े करने में परेशानी हो सकती है।
गांधी नगर से रेडिसन चौराहा के बीच आठ स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेन रुकेगी। सभी स्टेशनों पर कॉर्पोरेशन ने स्टाफ की तैनाती कर दी है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रत्येक स्टेशन पर एस्केलेटर और लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।
