इंदौर की प्रसिद्ध सराफा चौपाटी पर सोमवार देर रात उस समय भारी हंगामा हो गया, जब मामूली बात को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर लात-घूसे चल गए। विवाद की शुरुआत हाथ धोने के बाद पानी के छींटे चाट-चौपाटी के खाने के सामान पर गिरने से हुई। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

खाने के सामान पर गिरे पानी के छींटे

सराफा थाना प्रभारी राजकुमार लिटोरिया से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात कुछ युवक चौपाटी पर घूमने आए थे। वे एक दुकान पर रुके और वहां अपने हाथ धोने लगे। हाथ धोने के बाद जब एक युवक ने हाथ झटके, तो पानी की कुछ बूंदें दुकानदार के काउंटर पर रखे खाने के सामान पर जा गिरीं। इस बात को लेकर दुकानदार और युवकों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

 

बीच-बचाव की कोशिशें रहीं नाकाम

बहस देखते ही देखते इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और उनके बीच जमकर मारपीट होने लगी। सराफा बाजार में मौजूद अन्य दुकानदारों और ग्राहकों ने दोनों पक्षों को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोग किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थे। बाजार में काफी देर तक हंगामा चलता रहा।

 

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, कई हिरासत में

हंगामे और मारपीट की सूचना मिलते ही सराफा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने विवाद कर रहे लोगों को अलग किया और दोनों पक्षों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले आई। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में कुछ युवकों और दुकानदार पक्ष के लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed