शहर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्टोन पार्क इलाके से तीन दिन पहले लापता हुई छात्रा को पुलिस ने मुरैना और श्योपुर के बॉर्डर से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में पीड़िता ने अपने ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर बहला-फुसलाकर अगवा करने और दुष्कर्म करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। छात्रा के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुरानी छावनी थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार छात्रा तीन दिन पहले अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर सगे-संबंधियों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी खोजबीन की लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उन्होंने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान साइबर सेल और तकनीकी इनपुट की मदद से पुलिस को सूचना मिली कि लापता छात्रा को उसके घर के ठीक सामने रहने वाला एक युवक ही बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है और दोनों इस वक्त मुरैना-श्योपुर जिले की सीमा के पास छिपे हुए हैं। सुराग मिलते ही पुरानी छावनी थाना प्रभारी के निर्देशन में सब-इंस्पेक्टर देशराज और प्रधान आरक्षक कमल वर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम को तत्काल रवाना किया गया। पुलिस टीम ने सटीक घेराबंदी करते हुए छात्रा को सकुशल बरामद किया और उसे वापस ग्वालियर लेकर आई।
ये भी पढ़ें: Chhindwara: प्रेम प्रसंग में की छात्रा की हत्या! मकान में मिला था शव, आरोपी तक पहुंची पुलिस
ग्वालियर लाने के बाद जब महिला पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पीड़ित छात्रा की काउंसलिंग की गई और उसके बयान दर्ज किए गए, तो इस पूरे मामले का सच सामने आया। पीड़िता ने बताया कि पड़ोसी आरोपी उसे बहला-फुसलाकर और बाहर घुमाने के बहाने अपने साथ ले गया था। वहां एकांत का फायदा उठाकर आरोपी ने श्योपुर बॉर्डर के पास उसके साथ जबरन गलत काम किया। छात्रा के इस बयान के बाद पुलिस ने दर्ज प्राथमिकी में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ा दीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर-दबोचा।
पुरानी छावनी टीआई डॉ. संतोष यादव ने बताया कि पीड़िता के बयानों के आधार पर पड़ोसी आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से विस्तृत पूछताछ की जा रही है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।
