सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में सोमवार को बीकॉम छठे सेमेस्टर की परीक्षा के दौरान फर्जी तरीके से परीक्षा दिलाने का मामला सामने आया है, जिसे एनएसयूआई ने उजागर किया। एक छात्रा की जगह दूसरी युवती परीक्षा देती हुई पकड़ी गई, जिससे विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

घटना वाग्देवी भवन स्थित कॉमर्स संकाय की है, जहां परीक्षा के दौरान कक्ष में तैनात स्टाफ को एक छात्रा पर संदेह हुआ। एडमिट कार्ड और फोटो से मिलान करने पर पहचान में अंतर नजर आया, जिसके बाद जांच में यह स्पष्ट हो गया कि वह असली अभ्यर्थी नहीं है। सतर्कता दिखाते हुए टीम ने तत्काल उसे पकड़ लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। पूछताछ में सामने आया कि पकड़ी गई युवती किसी अन्य छात्रा की जगह परीक्षा देने आई थी। इस पूरे घटनाक्रम से सॉल्वर गैंग की सक्रियता की आशंका भी जताई जा रही है, क्योंकि शुरुआती जानकारी में यह भी सामने आया है कि इस तरह की गतिविधियां पहले भी हो सकती हैं।

ये भी पढ़ें- एमपी में मौसम के दो मिजाज, कहीं आग उगल रहा सूरज तो कहीं बारिश से तरबतर हो रहे इलाके, चेतावनी जारी

इस मामले को लेकर एनएसयूआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष तरुण परिहार ने परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर जहां मोबाइल या नकल सामग्री तक ले जाने पर सख्ती रहती है, वहीं यहां एक छात्रा बदल गई और जिम्मेदारों को पता तक नहीं चला। उनका कहना था कि उन्हें खुद अधिकारियों को इस बारे में सूचना देनी पड़ी, जिसके बाद कार्रवाई हुई। परिहार ने यह भी कहा कि यह केवल एक घटना नहीं हो सकती, बल्कि इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की संभावना है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से मांग की कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह की हरकत करने से पहले कई बार सोचे।

पुलिस ने जांच के बाद किया प्रकरण दर्ज : कुलपति

कुलपति अर्पण भारद्वाज ने बताया कि सूचना मिलते ही परीक्षा कक्ष में मौजूद स्टाफ की सतर्कता से मामले का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा कि गलत गतिविधि में शामिल छात्रा के खिलाफ कार्रवाई कर मामले को पुलिस को सौंप दिया गया है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि परीक्षा जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कुलपति ने यह भी बताया कि कुछ शिक्षकों के ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने की जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि परीक्षा कार्य अत्यावश्यक सेवाओं में आता है और इसमें लापरवाही करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे। इधर, पुलिस ने भी इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है – एडिशनल एसपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुरु प्रसाद पराशर के अनुसार, परीक्षा के सेंट्रल सुपरिंटेंडेंट की शिकायत पर माधवनगर थाना में प्रकरण दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि जिस अभ्यर्थी को परीक्षा देनी थी, उसकी जगह दूसरी युवती परीक्षा देती हुई पकड़ी गई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *