ग्वालियर शहर में एक पारिवारिक समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया, जब संपत्ति विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि एक ने दूसरे की उंगली दांतों से काट डाली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और घायल को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जन्मदिन की खुशी बनी खौफनाक घटना

यह मामला पड़ाव थाना क्षेत्र के मरीमाता महलगांव, फूलबाग इलाके का है। यहां संतोष चोकटिया के छोटे भाई दीपक की बेटी का जन्मदिन मनाया जा रहा था। घर में खुशी का माहौल था और केक सेरेमनी की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान संतोष का चचेरा भाई संजीत भी समारोह में शामिल होने पहुंचा।

पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप

कार्यक्रम के बीच ही संजीत ने संपत्ति विवाद को लेकर संतोष से बहस शुरू कर दी। परिजनों ने माहौल खराब न करने की अपील की, लेकिन संजीत का गुस्सा बढ़ता गया और देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया।

दांतों से चबाकर काट दी उंगली

झगड़े के दौरान संजीत ने संतोष का हाथ पकड़ लिया और उसकी उंगली को दांतों से इतनी जोर से चबाया कि उंगली का आधा हिस्सा कटकर अलग हो गया। संतोष की चीख सुनकर मौके पर मौजूद लोग दौड़े, लेकिन तब तक उसका हाथ खून से लथपथ हो चुका था।



यह भी पढ़ें-चार साल में पूरी हुई परीक्षा, फिर भी नहीं मिली नौकरी, अब 6 मई को DPI का घेराव करेंगे चयनित शिक्षक



आरोपी मौके से फरार

खून बहता देख आरोपी संजीत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल संतोष को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेन्द्र भार्गव ने बताया कि संपत्ति विवाद के चलते यह घटना हुई है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *