भोपाल की चर्चित त्विषा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में रविवार और सोमवार बेहद अहम माने जा रहे हैं। एक ओर रविवार शाम 5 बजे भोपाल के भदभदा विश्राम घाट में त्विषा शर्मा का अंतिम संस्कार किया जाएगा, वहीं दूसरी ओर सोमवार को जबलपुर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में इस मामले को लेकर महत्वपूर्ण सुनवाई होनी है। पूरे प्रदेश की नजर अब दिल्ली एम्स की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और भोपाल पुलिस की स्टेटस रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
दिल्ली एम्स की टीम ने किया दूसरा पोस्टमार्टम
भोपाल एम्स में रविवार देर रात भारी सुरक्षा के बीच त्विषा का दूसरा पोस्टमार्टम किया गया। यह प्रक्रिया कोर्ट के निर्देश और राज्य सरकार की औपचारिक अपील के बाद कराई गई। दिल्ली एम्स के विशेषज्ञ डॉक्टरों की चार सदस्यीय टीम खुद भोपाल पहुंची और मेडिकल बोर्ड की निगरानी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई। दूसरी ऑटोप्सी की पूरी कार्रवाई वीडियोग्राफी और वैज्ञानिक प्रोटोकॉल के तहत की गई। माना जा रहा है कि यह रिपोर्ट मामले की जांच की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
12 मई को ससुराल में मिला था शव
31 वर्षीय मॉडल और एक्ट्रेस त्विषा शर्मा 12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली थीं। घटना के बाद मृतका के परिजनों ने दहेज प्रताड़ना और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद पुलिस ने त्विषा के पति और अधिवक्ता समर्थ सिंह तथा उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। करीब 10 दिन तक फरार रहने के बाद समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल वह पुलिस रिमांड में है और उससे पारिवारिक विवाद, मोबाइल चैट और घटना से जुड़े कई पहलुओं पर पूछताछ की जा रही है।
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई
सोमवार को जबलपुर हाईकोर्ट में गिरिबाला सिंह की अग्रिम जमानत निरस्तीकरण आवेदन पर सुनवाई होगी। इसी दौरान दिल्ली एम्स की पोस्टमार्टम रिपोर्ट और भोपाल पुलिस की स्टेटस रिपोर्ट अदालत में पेश की जा सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने भी स्वत: संज्ञान लिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की विशेष पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी।
यह भी पढ़ें-त्विषा शर्मा मौत मामले में भोपाल कोर्ट का बड़ा फैसला, आरोपी समर्थ सिंह सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया
परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग
मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग दोहराई है। परिवार का कहना है कि उन्हें निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच की उम्मीद है। शर्मा परिवार ने एक भावुक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि किसी भी माता-पिता के लिए अपनी जवान बेटी को अंतिम विदाई देना सबसे बड़ा दुख होता है। परिवार ने कहा कि कई दिनों तक अंतिम संस्कार नहीं हो पाने की पीड़ा ने उन्हें भीतर तक तोड़ दिया है। परिवार ने समाज, महिला संगठनों, अधिवक्ताओं और आम लोगों से इस कठिन समय में साथ खड़े रहने और निष्पक्ष न्याय की मांग को समर्थन देने की अपील की है।
