इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर महू में संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पूरी आस्था और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। रविवार से शुरू हुए आयोजन में लाखों अनुयायी आ रहे हैं। मंगलवार को आंबेडकर जन्मस्थली पर बने भव्य स्मारक में अनुयायियों का सैलाब उमड़ेगा। इस विशेष अवसर पर आयोजित विशाल समागम में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से महू पहुंच रहे हैं। प्रशासन द्वारा बाबा साहब के अनुयायियों के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

यह भी पढ़ें…

UP:आंबेडकर जयंती को सामाजिक न्याय महापर्व के रूप में मनाएगी योगी सरकार, विधानसभा क्षेत्रों में होंगे कार्यक्रम

देशभर से आ रहे अनुयायी

हर साल की तरह इस वर्ष भी राज्य शासन द्वारा अनुयायियों की आवभगत मेहमानों की तरह की जा रही है। जन्मस्थली स्मारक को भव्य रूप से सजाया गया है। बाहर से आने वाले लोगों के लिए आवास, भोजन और शीतल पेयजल की विशेष व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। श्रद्धालुओं के आगमन का सिलसिला 12 अप्रैल की शाम से ही शुरू हो गया था, जिसमें मध्य प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

भोजन और आवास की व्यवस्था की गई

श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था स्वर्ग मंदिर परिसर और माहेश्वरी स्कूल में की गई है। यह व्यवस्था 14 अप्रैल की शाम तक निरंतर जारी रहेगी। अनुयायियों के ठहरने के लिए माहेश्वरी स्कूल के साथ-साथ विभिन्न धर्मशालाओं, केन्ट बोर्ड हायर सेकेण्डरी स्कूल और केन्ट बोर्ड कन्या स्कूल में इंतजाम किए गए हैं। इसके अतिरिक्त तीन विशाल डोम भी बनाए गए हैं ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

कार्यक्रम को सात सेक्टर में बांटा

बेहतर प्रबंधन के लिए पूरे कार्यक्रम स्थल को सात अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इन सेक्टरों में महेश्वरी स्कूल, जन्मस्थली स्मारक, केन्ट प्रायमरी स्कूल, स्वर्ग मंदिर परिसर, रेलवे स्टेशन से सात रास्ता और उत्कृष्ट विद्यालय शामिल हैं। विशेष बात यह है कि इन सेक्टरों में मराठी भाषी शिक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है ताकि महाराष्ट्र और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भाषा संबंधी कोई समस्या न हो। सहायता के लिए तहसील परिसर, स्मारक और स्वर्ग मंदिर में कंट्रोल रूम भी स्थापित किए गए हैं।

छह स्थानों पर चिकित्सा दल तैनात किए गए

समारोह के दौरान आपातकालीन चिकित्सा के लिए 6 स्थानों पर चिकित्सा दल तैनात किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों की टीम चौबीसों घंटे सेवा में उपलब्ध है। स्वच्छता के लिए इंदौर नगर निगम और स्थानीय निकायों का अमला मुस्तैदी से काम कर रहा है। सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन यंत्रों और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है।

कलेक्टर ने स्वयं लिया व्यवस्थाओं का जायजा

कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्वयं डॉ. आंबेडकर नगर महू पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न प्रांतों से आए श्रद्धालुओं से चर्चा की और सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि आयोजन के अंत तक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं ताकि किसी भी अनुयायी को परेशानी न हो। इस दौरान पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

आंबेडकर प्रतिमा की सफाई करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता

डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की नगर इकाई द्वारा शहर के सभी 35 मंडलों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत प्रत्येक मंडल में दो-दो प्रभारी नियुक्त किए गए थे। मंडल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की टोली ने न केवल बाबा साहब की प्रतिमाओं की सफाई की, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता और सौंदर्याकरण का कार्य भी संपन्न किया। अभियान का शुभारंभ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के गान के साथ हुआ, जिससे कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभावना और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्साह देखने को मिला। सुमित मिश्रा ने जानकारी दी कि आज सोमवार शाम को सभी प्रतिमाओं पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

आज शाम दीपोत्सव और कल बूथ स्तर पर होंगे विविध कार्यक्रम

तय कार्यक्रम के अनुसार, गीता भवन चौराहा स्थित बाबा साहब की प्रतिमा पर भाजपा के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकत्र होकर माल्यार्पण करेंगे। जयंती के इन विशेष आयोजनों की देखरेख और प्रबंधन के लिए कैलाश पिंपले, राजा कोठारी, हेमराज वाडिया और नितेश नरवले को प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है। शाम को आयोजित होने वाला दीपोत्सव आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बूथ स्तर पर संविधान के मूल्यों को दोहराएगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी ने इस वर्ष बाबा साहब की जयंती को जमीनी स्तर यानी बूथ स्तर पर मनाने का संकल्प लिया है। इसके अंतर्गत सभी बूथों पर बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण किया जाएगा। साथ ही उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर आधारित व्याख्यान आयोजित होंगे। इस दौरान सभी कार्यकर्ता सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का पाठ करेंगे और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराएंगे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *