संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जन्म जयंती उनकी जन्मस्थली महू में अत्यंत उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जा रही है। इस विशेष अवसर पर कार्यक्रमों की श्रृंखला 12 अप्रैल से ही प्रारंभ हो गई थी। आज के मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शिरकत करेंगे और वहां उपस्थित लगभग एक लाख से अधिक लोगों को संबोधित करेंगे। बाबा साहेब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने के लिए 12 अप्रैल से ही महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान सहित देश के अलग-अलग राज्यों से अनुयायियों और बौद्ध भिक्षुओं का महू पहुंचना निरंतर जारी है।

पटवारी बोले- भाजपा संविधान से खिलवाड़ कर रही

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सुबह बाबा साहेब आंबेडकर की जन्मस्थली महू पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने यहां जय भीम के नारे लगाए और कहा कि अगर भाजपा को बाबा साहब से प्यार है तो दलितों पर अत्याचार क्यों किया जा रहा है? जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा संविधान से खिलवाड़ करती है। 

देर रात दी गई मानवंदना और गार्ड ऑफ ऑनर

जयंती के मुख्य अवसर से पूर्व महू में सोमवार देर रात ठीक 12 बजे एक भव्य दृश्य देखने को मिला। काली पलटन स्थित बाबा साहेब के जन्म स्मारक पर विशेष मानवंदना आयोजित की गई और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस सम्मान के तुरंत बाद जोरदार आतिशबाजी की गई जिससे पूरा आसमान रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठा। उस समय वहां उपस्थित हजारों अनुयायी इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने और पूरा क्षेत्र जय भीम के नारों से गूंज उठा। राजनीतिक हस्तियों की बात करें तो आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित अन्य वरिष्ठ कांग्रेस नेता भी बाबा साहेब को नमन करने महू पहुंचेंगे। सुबह से ही श्रद्धालुओं समेत बड़े नेताओं का तांता लगा हुआ है और पूरा शहर भक्तिमय माहौल में डूबा हुआ है। जगह-जगह अनुयायियों के स्वागत के लिए भव्य मंच सजाए गए हैं।

अनुयायियों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध

स्मारक समिति के सचिव राजेश वानखेड़े ने व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में पड़ रही गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्मारक परिसर में अनुयायियों के चलने के लिए कारपेट बिछाए गए हैं ताकि उन्हें तपती जमीन से राहत मिल सके और जगह-जगह शीतल पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इस बार भी महाराष्ट्र के मुंबई, नासिक और औरंगाबाद जैसे बड़े शहरों से अनुयायियों का जत्था बड़ी संख्या में महू पहुंचा है।

प्रशासनिक स्तर पर भोजन और आवास की व्यवस्था

महू एसडीएम राकेश परमार के अनुसार प्रदेश सरकार के निर्देशों पर बाहर से आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए ठहरने और भोजन के व्यापक प्रबंध प्रशासन द्वारा किए गए हैं। सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारी पुलिस बल और स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। इस वर्ष के आयोजन में एक लाख से अधिक लोगों के सम्मिलित होने का अनुमान लगाया गया है जिसके लिए पर्याप्त संसाधन जुटाए गए हैं।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *