जानकारी के अनुसार, रतलाम जिले में बड़नगर निवासी युवक की शादी तय हुई थी और बुधवार को बारात दुल्हन के घर पहुंचने वाली थी। शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और दूल्हा मंडप में आने ही वाला था, तभी दुल्हन पक्ष को पता चला कि युवक के खिलाफ एक नाबालिग ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया है। यह सुनते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
ऐसे रूकी शादी
उज्जैन से करीब 60 किमी दूर बड़नगर की शिक्षक कॉलोनी में रहने वाले अभिषेक सेन की शादी रतलाम जिले की युवती से तय थी, पिछले दो दिन से शादी के कार्यक्रम चल रहे थे और बुधवार रात करीब 8 बजे दूल्हा घोड़ी पर सवार होकर बारात लेकर निकल चुका था। बारात लगने से पहले पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर फोन पर दुल्हन पक्ष को समझाया। वधु पक्ष को सूचना मिलते ही शादी वाले घर में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों की बातचीत के बाद शादी रोक दी गई। नाबालिग पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि आरोपी ने डरा-धमकाकर रेप किया। जिस दिन अभिषेक की शादी थी, उसी दिन पता चला कि पीड़िता प्रेग्नेंट है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 5 जनवरी को आरोपी उसके घर आया, जब वह अकेली थी। उसने धमकाकर दुष्कर्म किया और किसी को बताने से मना किया। आरोपी की शादी तय होने के बाद उसने आत्महत्या का प्रयास किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दुल्हन पक्ष को फोन करके पूरी स्थिति बताई और शादी की रस्में रोकने की सलाह दी। दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद विवाह को रद्द कर दिया गया।
युवक ने नाबालिग से किया था दुष्कर्म
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार के अनुसार, आरोपी युवक ने जनवरी माह में 15 वर्षीय नाबालिग के साथ उस समय दुष्कर्म किया था, जब वह घर पर अकेली थी। आरोपी ने उसे धमकाकर घटना किसी को न बताने के लिए डराया था। हाल ही में जब युवक की शादी की खबर पीड़िता को मिली, तो उसने विरोध जताया। मानसिक तनाव में आकर 6 अप्रैल को पीड़िता ने आत्महत्या करने की नीयत से एसिड पी लिया। उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल जांच में सामने आया कि वह गर्भवती है।
ये भी पढ़ें- पूर्व सीएम उमा भारती के खिलाफ दायर मानहानि मामले में स्टेटस रिपोर्ट तलब, इस दिन होगी अगली सुनवाई
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने नाबालिग की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
