माध्यमिक शिक्षा मंडल ने छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए परीक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। अब तक जहां सीमित विषयों में फेल छात्र ही पूरक परीक्षा दे पाते थे, वहीं अब सभी विषयों में अनुत्तीर्ण विद्यार्थी भी “द्वितीय परीक्षा” में शामिल हो सकेंगे। यानी अब कोई भी छात्र एक और मौका पाने से वंचित नहीं रहेगा। बोर्ड ने वर्षों से चली आ रही पूरक परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। पहले हाईस्कूल में अधिकतम दो और हायर सेकेंडरी में एक विषय में फेल छात्र ही पूरक दे सकते थे, लेकिन अब यह सीमा हटा दी गई है।
7 मई से शुरू होगी द्वितीय परीक्षा
मंडल के अनुसार हायर सेकेंडरी की द्वितीय परीक्षा 7 मई से 25 मई तक और हाईस्कूल की परीक्षा 7 मई से 19 मई तक आयोजित की जाएगी। मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित होने के बाद छात्रों को केवल 7 दिन के भीतर आवेदन करना होगा, जो एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भरे जाएंगे।
यह भी पढ़ें–कॉलेज के पास शराब दुकान का विरोध, ABVP का हंगामा, सड़क किया जाम, दुकान पर हमला, पुलिस से झड़प
बेहतर अंक का मिलेगा लाभ
नई व्यवस्था में छात्रों को एक और बड़ा फायदा मिलेगा। मुख्य और द्वितीय परीक्षा में से जिस परीक्षा में बेहतर अंक आएंगे, वही अंकसूची में जोड़े जाएंगे। यानी छात्र अपने परिणाम को सुधारने का मौका भी पा सकेंगे।
पास विषय में भी फिर से परीक्षा का विकल्प
छात्र चाहें तो जिन विषयों में पास हो चुके हैं, उनमें भी बेहतर अंक लाने के लिए दोबारा परीक्षा दे सकते हैं। हालांकि जिन विषयों में फेल हैं, उनमें शामिल होना अनिवार्य होगा। इधर बोर्ड मुख्य परीक्षा के परिणाम को लेकर भी तेजी से काम कर रहा है। तीसरे चरण का मूल्यांकन अंतिम दौर में है और अधिकांश अंकों की एंट्री ऑनलाइन सिस्टम में पहले ही हो चुकी है। बोर्ड का लक्ष्य अप्रैल के तीसरे सप्ताह तक रिजल्ट घोषित करने का है।
यह भी पढ़ें-नौकरी पर संकट का डर,सड़कों पर उतरे शिक्षक,भोपाल में DPI घेराव,TET आदेश के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन
पूरी प्रक्रिया पर डिजिटल निगरानी
मूल्यांकन कार्य की निगरानी के लिए सभी केंद्रों को सीसीटीवी और ऑनलाइन पोर्टल से जोड़ा गया है। बोर्ड मुख्यालय से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध बनी रहे। बोर्ड अधिकारी एक ओर जहां रिजल्ट तैयार करने में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर द्वितीय परीक्षा की तैयारियां भी तेज कर दी गई हैं। रिजल्ट घोषित होते ही आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, ताकि छात्रों को समय पर दूसरा मौका मिल सके।
