मध्य प्रदेश में 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं की कॉपियां जांच रहे शिक्षकों को इस बार छात्रों की ओर से लिखी गई अजीबोगरीब गुहार, प्रार्थनाएं और प्रस्ताव पढ़ने को मिले, जिन्हें देखकर शिक्षक भी हैरान रह गए। ग्वालियर में हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी के कुल 2,66,173 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा हो चुका है। इस वर्ष शिक्षकों को 100 से अधिक कॉपियों में छात्रों द्वारा लिखी गई अनोखी अपीलें मिलीं।

कुछ छात्रों ने पास कराने के लिए चौंकाने वाले प्रस्ताव भी दिए। एक छात्र ने लिखा  कि सर, मुझे पास कर दीजिए, मैं आपकी शादी अपनी साली से करवा दूंगा। वहीं एक छात्रा ने लिखा कि सर, अगर मैं फेल हो गई तो मेरी शादी टूट जाएगी, कृपया पास कर दीजिए।” एक अन्य छात्र ने लिखा कि गर्लफ्रेंड के ब्रेकअप के कारण वह पढ़ाई नहीं कर सका और पास करने की गुहार लगाई।

कई छात्राओं ने लिखा कि उनकी शादी तय है और फेल होने पर उन्हें प्रताड़ना झेलनी पड़ सकती है, इसलिए उन्हें पास किया जाए। वहीं करीब 23 से अधिक छात्रों ने अपने माता-पिता की गंभीर बीमारी जैसे कैंसर का हवाला देते हुए पढ़ाई न कर पाने की बात लिखी और पास करने की अपील की। मूल्यांकन प्रभारी के अनुसार, कॉपियों पर QR कोड होने के कारण छात्रों या अभिभावकों को मूल्यांकन केंद्र की जानकारी नहीं मिल पाती। यही वजह है कि कमजोर या कम तैयारी वाले छात्र कॉपियों में भावनात्मक संदेश लिखते हैं।

पढ़ें:  दतिया उपचुनाव को लेकर सरगर्मी तेज, हाईकोर्ट में सुनवाई 15 अप्रैल तक टली, BJP नेताओं की बंद कमरे में बैठक

शिक्षकों ने बताया कि कुछ छात्रों ने कॉपियों में 500 रुपये के नोट रखकर पास कराने की मांग की। कुछ ने शायरी लिखी, तो कुछ ने मोबाइल नंबर लिखकर ऑनलाइन रिश्वत देने का प्रस्ताव तक रखा। हालांकि, शिक्षकों ने इन सब बातों को नजरअंदाज करते हुए केवल नियमों के अनुसार मूल्यांकन किया।

बोर्ड के संभागीय अधिकारी मारुति सोमकुंवर ने बताया कि इस वर्ष जिले के 49 हजार से अधिक छात्र-छात्राएं परीक्षाओं में शामिल हुए। कॉपियों की जांच पूरी हो चुकी है और परिणाम 12 अप्रैल तक घोषित किए जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष परिणाम 6 मई को जारी हुआ था।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *