ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित सागर ताल में दो भाइयों और एक बहन ने छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान एक युवक बबलू खान की मौत हो गई।
घटना के बाद बड़े भाई इरदेश खान ने रिश्तेदारों और आसपास के लोगों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। इरदेश ने बताया कि वे लोग आत्महत्या करने के इरादे से वहां पहुंचे थे। उसने यह भी कहा कि उसने बीती रात पैसों में आग लगा दी थी। इरदेश के अनुसार, उनके पिता सरकारी प्रेस में कार्यरत थे और परिवार को मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था। उसने आरोप लगाया कि उसके भाई को बीमारी के दौरान उचित इलाज नहीं मिला और डॉक्टरों की लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि मृतक की मौत फेफड़ों में पानी भरने के कारण हुई है। तीनों जनकगंज थाना क्षेत्र के ढोलीबुआ इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं।
बहोड़ापुर थाना के एएसआई विजेंद्र सिंह तोमर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तीनों को बाहर निकाला गया। इलाज के दौरान एक की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इरदेश खान की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी या वास्तव में किसी ने उन्हें प्रताड़ित किया था, जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
