शराब पिलाकर दोस्त के साथ ही कुकर्म, विरोध करने पर पहले पीटा, फिर छत से धक्का देकर नाले में गिराया …और पढ़ें

HighLights
- लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के पास नाले में मिली युवक की लाश
- दोस्त करण उर्फ लल्ला पाल ने हत्या करना स्वीकार किया
- सीसीटीवी और जनता की सक्रियता से खुला हत्या का राज
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के लक्ष्मीगंज क्षेत्र में दोस्ती का एक खौफनाक अंत सामने आया है। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की हत्या कर दी। आरोप है कि विवाद के दौरान उसने पहले दोस्त को पीटा और फिर छत से धक्का देकर पीछे नाले में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और उसने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार कर लिया है।
नाले में मिली थी युवक की लाश
जनकगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत लक्ष्मीगंज सब्जी मंडी के पास दो दिन पहले एक युवक की लाश नाले में पड़ी मिली थी। बाद में मृतक की पहचान 34 वर्षीय मोनू पुत्र स्वर्गीय राजू गौड के रूप में हुई।
मोनू पल्लेदारी का काम करता था। शुरुआत में पुलिस इसे सामान्य मौत मान रही थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट आने से मौत होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।
आखिरी बार दोस्त के साथ देखा गया था
पड़ताल के दौरान आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि मोनू को आखिरी बार करण उर्फ लल्ला पाल के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि 11 मार्च को उसने मोनू को शराब पिलाई थी। दोनों के बीच विवाद हो गया। झगड़े के दौरान उसने मोनू को पीटा और छत से धक्का दे दिया। नीचे नाले में गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद वह सामान्य तरीके से पल्लेदारी का काम करता रहा।
सीसीटीवी और जनता की सक्रियता से खुला मामला
मोनू की लाश 13 मार्च को मिली थी। शुरुआत में पुलिस को शक था कि वह शराब पीकर नाले में गिर गया होगा। हालांकि, सीएसपी मनीष यादव ने मामले की हर पहलू से जांच कराई। आसपास के लोगों से पूछताछ के दौरान पता चला कि मोनू को आखिरी बार लल्ला के साथ देखा गया था।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में दोनों को सब्जी मंडी के पास सीढ़ियां चढ़कर कमरे में जाते देखा गया, जबकि कुछ देर बाद लल्ला अकेले नीचे उतरता दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जहां उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस का कहना है कि अगर स्थानीय लोगों की सक्रियता और गहन जांच नहीं होती, तो यह मामला सामान्य हादसा मानकर दब भी सकता था।
समलैंगिक संबंध के चलते हत्या हुई थी। आरोपित को पकड़ लिया गया है। उसने हत्या करना स्वीकार किया है।
-मनीष यादव, सीएसपी, लश्कर।
