नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एलपीजी सिलिंडरों बुकिंग व डिलिवरी शहर में सामान्य होती जा रही है। इसकी वजह यह है कि एक तो ऑनलाइन बुकिंग पूरी तरह से सामान्य न हुई हो, लेकिन फिर भी कुछ प्रयासों के बाद हो रही है। दूसरे बुकिंग होने के बाद एजेंसियां भी लगातार उपभोक्ताओं के घर तक सिलिंडर पहुंचा रही हैं। ऐसे में अब एजेंसियों पर भी ऑफलाइन बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ता कम ही आ रहे हैं। हालांकि शनिवार को एजेंसियों पर काफी भीड़ भाड़ बुकिंग के लिए रही, लेकिन रविवार को बहुत कम उपभोक्ता पहुंचे।
10 हजार के करीब पहुंचा सिलिंडर वितरण का आंकड़ा
गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर में परेशानी आने के बाद शहर में सिलिंडर डिलिवरी का आंकड़ा आधे से भी कम रह गया था। यानी शहर में रोजाना औसतन 12 हजार सिलिंडर डिलिवर किए जाते थे। लेकिन बुकिंग में परेशानी आने के बाद यह आंकड़ा महज पांच से छह हजार सिलिंडरों का रह गया था। मसलन गुरुवार को 66 सौ सिलंडर ही डिलिवर ह पाए थे। वहीं शनिवार को यह संख्या आठ हजार के करीब पहुंच गई थी। यही संख्या रविवार को 10 हजार के करीब पहुंच गई।
ऑनलाइन बुकिंग होने के बाद भी अभी जारी है ऑफलाइन बुकिंग
गैस कंपनियों का बुकिंग सॉफ्टवेयर बेशक अभी ठीक से काम नहीं कर रहा है, लेकिन कुछ प्रयासों के बाद बुकिंग होना शुरू हो गया है। ऐसे में उपभोक्ताओं को राहत मिली हैं और उनकी घबराहट कम हुई है। दूसरी ओर प्रशासन ने ऑफलाइन बुकिंग करने के भी आदेश एजेंसियों को दिए थे। अब एजेंसियों पर वे ही लोग सिलिंडर बुक कराने पहुंचे रहे हैं जो ऑनलाइन बुक नहीं करा पा रहे हैं। रविवार को एजेंसियों पर ऑफलाइन बुकिंग तो हुई, लेकिन शनिवार की तुलना में कम लोग पहुंचे।
छुट्टी वाले दिन भी एजेंसी खुलेंगी और बुकिंग के साथ करेंगी डिलिवरी
सोमवार को शहर की गैस एजेंसियों का अवकाश रहता है। इस दिन न सिलिंडर की डिलिवरी नहीं होती। प्रशासन ने सभी एजेंसियों को आदेश दिए हैं कि वे सोमवार को एजेंसियां खोलें और जो उपभोक्ता ऑफलाइन बुकिंग कराने आता है तो उसकी बुकिंग लें और सिलिंडर की डिलिवरी भी कराएं, जिससे लोगों के पास सिलिंडर पहुंच सके।
होटल, रेस्टोरेंट व्यवसायियों को राहत केंद्र सरकार ने कमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति करने पर से रोक हटा दी है और ये सिलिंडर देने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश के बाद शहर के होटल, रेस्टोरेंट सहित अन्य व्यापारियों को राहत मिली है। क्योंकि कमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलने से व्यवसाय काफी प्रभावित हुआ है। लेकिन अब ये व्यवसाय सुचारू रूप से चलेंगे।
कार्रवाई का दावा खोखला, न तो जमाखोरों पर कार्रवाई और न ही गलत उपयोग करने वालों पर
जिला खाद्य आपूर्ति विभाग ने दावा किया था कि उनकी टीमें न केवल एजेंसियों पर सिलिंडर की आपूर्ति और बुकिंग की मॉनिटरिंग कर रही हैं। बल्कि घरेलू सिलिंडर की कालाबाजारी, जमाखोरी करने व गलत उपयोग करने वालों पर कार्रवाई कर रही हैं। लेकिन अभी तक इन पर एक भी कार्रवाई नहीं हुई है। जबकि मुरार, हजीरा जैसे इलाकों में घरेलू सिलिंडर का डेयरियों सहित छोटे होटल, ढाबे, चाय नाश्ते की दुकानों पर धड़ल्ले से उपयोग हो रहा है। ऐसे में विभाग का दावा गलत साबित हो रहा है।
फैक्ट फाइल
28 गैस एजेंसी हैं शहर में
सबसे अधिक 20 इंडेन गैस की
09 से 10 लाख के बीच हैं शहर में एलपीजी उपभोक्ता
10 हजार तक पहुंची सिलिंडरों की सप्लाई
औसतन 12 हजार सिलिंडर रोजाना होते थे वितरित
यह भी पढ़ें- भोपाल में गैस के लिए हाहाकार… कलेक्टर के आदेश के बाद भी बंद रहीं गैस एजेंसियां, भटकते रहे लोग
क्या कहते हैं एलपीजी एसोसिएशन के पदाधिकारी
ऑनलाइन बुकिंग बेशक पूरी तरह से ठीक नहीं हुई है, लेकिन अब कुछ प्रयासों के बाद फोन से बुकिंग हो रही है। साथ ही कार्यालयों पर ऑफलाइन बुकिंग भी जारी है। इसके साथ ही जितनी बुकिंग आ रही है, उनके सिलिंडर की आपूर्ति जल्द से जल्द कराई जा रही है। शहर में करीब 10 हजार तक सिलिंडर की आपूर्ति पहुंच चुकी है। चूंकि अब कमर्शियल सिलिंडर से भी रोक हट गई है। इसलिए आगामी दो तीन दिनों में स्थिति सामान्य हो जाएगी- श्यामानंद शुक्ला, कोर्डिनेटर, ग्वालियर चंबल एलपीजी एसोसिएशन।
ऑनलाइन बुकिंग के साथ अभी ऑफलाइन बुकिंग भी हो रही है। शहर में सिलिंडरों की आपूर्ति सामान्य होती जा रही है। विभाग की टीम लगातार बुकिंग व वितरण पर नजर रखे हुए है। कमर्शियल सिलिंडरों से रोक हटने से भी स्थिति में सुधार हुआ है। जहां तक कार्रवाई की बात है तो टीम की नजर जमाखोरों पर थी, हालांकि कोई ऐसा मामला नहीं मिला। घरेलू सिलिंडर के गलत उपयोग करने वालों पर कार्रवाई इसलिए नहीं हो पाई है, क्योंकि विभाग का ध्यान शहर में एलपीजी बुकिंग व वितरण को सामान्य बनाने पर लगा हुआ था- अरविंद सिंह भदौरिया, नियंत्रक, जिला खाद्य आपूर्ति विभाग।
