शहर के थाटीपुर क्षेत्र में होटल बागवान के रिसेप्शनिस्ट का स्कार्पियो सवार बदमाशों द्वारा अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। …और पढ़ें

HighLights
- थाटीपुर में होटल रिसेप्शनिस्ट को स्कार्पियो सवार बदमाशों ने अगवा किया
- बदमाश युवक को करीब डेढ़ घंटे तक शहर में घुमाकर मारपीट करते रहे
- वारदात सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की तलाश
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में होटल बागवान के रिसेप्शनिस्ट का स्कार्पियो सवार बदमाशों द्वारा अपहरण किए जाने का मामला सामने आया है। बदमाश युवक को करीब डेढ़ घंटे तक शहर में घुमाते रहे और कार के अंदर ही उसकी मारपीट करते रहे। बाद में सिटी सेंटर क्षेत्र के गोविंदपुरी चौराहे पर उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाटीपुर स्थित गायत्री विहार में होटल बागवान में गिजौर्रा निवासी श्यामू राणा रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करता है। घटना के समय वह होटल के गेट पर खड़ा था। तभी काले रंग की स्कार्पियो में सवार होकर आकाश राणा, हिमांशु राणा, कुणाल राणा और एक अन्य युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि चारों ने श्यामू को पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जबरन कार की पिछली सीट पर बैठाकर उसे अगवा कर लिया।
बदमाश उसे मुरार और आसपास के इलाकों में घुमाते रहे और कार के अंदर ही मारपीट करते रहे। वे लगातार उससे उसके साढ़ू के बारे में पूछताछ कर रहे थे। जब श्यामू ने बताया कि उसकी अपने साढ़ू से बात नहीं होती, तब आरोपित उसे सिटी सेंटर के गोविंदपुरी चौराहे पर छोड़कर भाग गए।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना के दौरान बदमाशों की स्कार्पियो फिल्मी अंदाज में होटल के सामने आकर रुकी। आरोपित सीधे श्यामू के पास पहुंचे और उसे पीटते हुए कार में ले गए। इस घटना से इलाके में दहशत फैल गई। पूरी वारदात होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुई है।
