MP Crime: ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में रुपये के विवाद में 16 वर्षीय किशोर का अपहरण कर उसे जिन्नातों की पहाड़ी पर ले जाकर बेल्ट से मारपीट की …और पढ़ें

Publish Date: Sun, 15 Mar 2026 09:49:11 AM (IST)Updated Date: Sun, 15 Mar 2026 09:49:11 AM (IST)

ग्वालियर में 16 वर्षीय किशोर का अपहरण, खंभे से बांधकर तीन बदमाशों ने बेल्टों से पीटा
ग्वालियर में जिन्नातों की पहाड़ी पर ले जाकर दी जान से मारने की धमकी (AI Generated Image)

HighLights

  1. रुपये के विवाद में किशोर का अपहरण कर मारपीट
  2. जिन्नातों की पहाड़ी पर दो घंटे तक बंधक बनाया
  3. बेल्ट से पिटाई, जान से मारने की धमकी दी

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोर का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने रुपये के विवाद में उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले गए और करीब दो घंटे तक बंधक बनाकर बेल्ट से पीटा। पुलिस ने मामले में दो आरोपितों को पकड़ लिया है, जबकि एक की तलाश जारी है।

रुपये के विवाद में हुआ अपहरण

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के मेवाती मोहल्ले में रहने वाला 16 वर्षीय किशोर एक होटल में काम करता है। पड़ोस में रहने वाले इरकाम खान, हस्सी उर्फ सोहेल और एक अन्य किशोर के साथ उसका रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर तीनों ने उसे दोपहर में पकड़ लिया और जबरन बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए।

जिन्नातों की पहाड़ी पर ले जाकर की पिटाई

तीनों आरोपित किशोर को जिन्नातों की पहाड़ी पर ले गए। वहां उसे खंभे से बांधकर बेल्ट से जमकर मारपीट की गई। करीब दो घंटे तक उसे बंधक बनाकर रखा गया। बाद में आरोपितों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और वहां से भगा दिया।

पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा

घटना के बाद किशोर घर पहुंचा और स्वजनों को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिवार के लोग उसे लेकर बहोड़ापुर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी आलोक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपितों की तलाश शुरू की। रात करीब 11 बजे पुलिस ने इरकाम खान और एक नाबालिग को पकड़ लिया।

तीसरे आरोपित की तलाश जारी

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपितों ने रुपये के विवाद में मारपीट की बात स्वीकार की, लेकिन खंभे से बांधने की बात से इनकार किया है। तीसरा आरोपित घर से फरार मिला है, जिसकी तलाश की जा रही है।

किशोर की बेल्ट से मारपीट का मामला सामने आया है। उसे जिन्नातों की पहाड़ी पर ले गए थे। दो आरोपित पकड़े गए हैं। इसमें से एक नाबालिग है।

-आलोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी, बहोड़ापुर



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *