MP News: ग्वालियर में नए शिक्षण सत्र और आरटीई प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही आधार केंद्रों पर भीड़ बढ़ गई है। …और पढ़ें

HighLights
- 28 मार्च तक आवेदन में सुधार का मौका
- नए सत्र से पहले आधार केंद्रों पर बढ़ी भीड़
- बच्चों के फिंगरप्रिंट लेने में आ रही परेशानी
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर: एक अप्रैल से नए शिक्षण सत्र की शुरुआत होने जा रही है। इसके साथ ही प्राइवेट और सरकारी स्कूलों में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। इसी के साथ शिक्षा के अधिकार (RTE) के तहत ऑनलाइन प्रवेश आवेदन भी शुरू हो चुके हैं। इस वजह से आधार केंद्रों पर इन दिनों अभिभावकों की भीड़ बढ़ गई है। अभिभावक अपने बच्चों का आधार अपडेट कराने के लिए केंद्रों पर पहुंच रहे हैं, लेकिन कई मामलों में बच्चों के फिंगरप्रिंट मशीन पर सही तरीके से दर्ज नहीं हो पा रहे हैं।
इस समस्या के कारण कई अभिभावक चिंतित नजर आ रहे हैं। हालांकि, जिला शिक्षा केंद्र के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल चिंता की जरूरत नहीं है। स्कूल प्रवेश या आरटीई के ऑनलाइन आवेदन में केवल आधार नंबर और समग्र आईडी की जानकारी ही मांगी जा रही है। अभिभावक आवेदन फार्म जमा कर सकते हैं और आधार अपडेट होने के बाद 28 मार्च तक आवेदन में सुधार भी कर सकते हैं।
बच्चों और बुजुर्गों के बायोमेट्रिक अपडेट में ज्यादा दिक्कत
आधार केंद्रों पर काम करने वाले कर्मचारियों के अनुसार बायोमेट्रिक अपडेट के दौरान सबसे ज्यादा परेशानी बच्चों और बुजुर्गों के मामले में आती है।
कर्मचारियों का कहना है कि छोटे बच्चों की त्वचा काफी कोमल होती है और वे लगातार विकास की अवस्था में होते हैं। इस कारण उनकी उंगलियों के निशान मशीन पर साफ दर्ज नहीं हो पाते। वहीं बुजुर्गों के मामले में उम्र के साथ उंगलियों के निशान घिस जाते हैं, जिससे उनका फिंगरप्रिंट लेना भी कठिन हो जाता है।
इस समस्या को दूर करने के लिए कई आधार केंद्रों पर बच्चों के लिए एंटीसेप्टिक क्रीम रखी जा रही है। क्रीम लगाने के बाद फिंगरप्रिंट लेने की कोशिश की जाती है। कर्मचारियों के अनुसार कुछ ही मामलों में अपडेट नहीं हो पाता, जबकि अधिकतर बच्चों का बायोमेट्रिक सफलतापूर्वक अपडेट हो जाता है।
समग्र आईडी बनवाने के लिए भी अभिभावक परेशान
स्कूलों और आरटीई के तहत होने वाली प्रवेश प्रक्रिया में समग्र आईडी की जानकारी देना भी अनिवार्य है। अधिकांश परिवारों के पास पहले से समग्र आईडी मौजूद है, लेकिन जो बच्चे पहली बार स्कूल में प्रवेश ले रहे हैं उनकी समग्र आईडी नहीं बनी होती।
ऐसी स्थिति में अभिभावक पहले लोकसेवा केंद्रों पर समग्र आईडी के लिए आवेदन करते हैं। इसके बाद नगर निगम द्वारा पुष्टि किए जाने पर बच्चे की समग्र आईडी जारी की जाती है। इस प्रक्रिया के कारण लोकसेवा केंद्रों और नगर निगम कार्यालयों में भीड़ बढ़ गई है और कई अभिभावकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरटीई प्रवेश के लिए जरूरी दस्तावेज (RTE Important Documents)
आरटीई के तहत ऑनलाइन आवेदन करते समय निम्न दस्तावेज आवश्यक होते हैं:
- परिवार की समग्र आईडी
- माता-पिता की समग्र आईडी
- बच्चे की समग्र आईडी
- बच्चे का 12 अंकों का आधार नंबर
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
- जाति प्रमाण पत्र या वंचित समूह का प्रमाण पत्र
- कमजोर वर्ग होने पर बीपीएल कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
RTE के तहत आनलाइन आवेदन में बच्चे का आधार नंबर, समग्र आइडी नंबर सहित करीब छह प्रकार के प्रमाण पत्र लगाने हैं। तभी आवेदन मंजूर किया जाएगा और उनकी जांच की जाएगी और उन्हें लाटरी में शामिल किया जाएगा। अब बिना अपडेट किया हुआ आधार नंबर आवेदन में मान्य किया जाएगा या नहीं, इसे विभाग की टेक्नीकल अफसर से जानकारी लेकर बताएंगे।
-रविंद्र सिंह तोमर, डीपीसी
