इंदौर में दूषित पानी से मृत लोगों की अस्थियां विसर्जित करने के लिए कांग्रेस नेता प्रयागराज लेकर रवाना हुए हैं। शनिवार को बस्ती में कांग्रेस नेता मुकेश यादव ने एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी शामिल हुए। ब्राह्मणों ने मंत्रोच्चार के बीच अस्थियों की पूजा की, जिसके बाद कांग्रेस नेता बस्ती से रवाना हुए।

 

पूजन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भागीरथपुरा बस्ती मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। नगर निगम की लापरवाही के कारण बस्ती में दूषित पानी की सप्लाई हुई और 36 लोगों की मौत हो गई। अपनी लापरवाही मानने के बजाय मंत्री विजयवर्गीय विधानसभा के सदन में बस्ती का अपमान करते रहे। उन्होंने बस्तीवालों को अशिक्षित बताया और बस्ती की तुलना मुंबई की धारावी बस्ती से की।

पटवारी ने यह भी कहा कि नगर निगम अपने कर्मचारियों की मौत पर 30 लाख रुपये से ज्यादा की राशि देता है, लेकिन दूषित पानी से भागीरथपुरा बस्ती में जिन लोगों की मौत हुई, उनके परिजनों को सिर्फ दो-दो लाख रुपये दिए गए। आखिर यह भेदभाव क्यों किया गया? उन्होंने कहा कि अभी भी बस्ती में समस्याएं काफी हैं और अब भाजपा के जनप्रतिनिधि बस्ती में नहीं आ रहे हैं।

 

भागीरथपुरा में दूषित पानी से डायरिया फैला था, जिस कारण जिन लोगों की मौत हुई उनमें से कई की अस्थियां परिजन पहले ही नर्मदा नदी में विसर्जित करके आ चुके हैं। आपको बता दें कि भागीरथपुरा में ढाई माह पहले दूषित पानी के कारण डेढ़ हजार से ज्यादा लोग बीमार हो गए थे। उनमें से साढ़े चार सौ लोगों को अस्पताल में भर्ती किया गया था। गंभीर बीमारी के कारण 36 लोगों की मौत भी हो चुकी है। अब बस्ती में कोई बीमार नहीं है और नई लाइन भी बिछाई जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *