राजधानी भोपाल के कोहेफिजा और आसपास के थाना क्षेत्रों में दहशत का पर्याय बने ‘इल्लीगल गैंग’ के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी समेत उसके पांच साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह अब तक गैंग के कुल छह बदमाश पकड़े जा चुके हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
आरोपी हनीट्रैप के जरिए लोगों को फंसाकर उनसे वसूली करते थे। हाल ही में उन्होंने एक पुजारी का अपहरण कर उसे रेप के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर 50 हजार रुपये वसूल किए थे। पुलिस ने बुधवार को गैंग के सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी को उस समय गिरफ्तार किया था, जब वह शादी के मंडप में बैठा सात फेरे लेने की तैयारी कर रहा था।
क्या है पूरा मामला
डीसीपी जोन-4 मयूर खंडेलवाल ने बताया कि मामला एक पुजारी के अपहरण और हनीट्रैप के जरिए वसूली से जुड़ा है। गैंग के सदस्य आकाश उपाध्याय ने संजीव नगर निवासी 26 वर्षीय पुजारी को 10 मार्च को जैन नगर स्थित अपने कमरे पर बुलाया था। उसने पुजारी को झांसा देकर लालघाटी से एक युवती को पिकअप कर लाने के लिए कहा।
जैसे ही पुजारी युवती को लेकर कमरे पर पहुंचा, पहले से तैयार योजना के तहत गैंग का सरगना आकाश उर्फ भूरा हड्डी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। आरोपियों ने पुजारी पर युवती से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर उसके साथ मारपीट की और उसे तौफीक उर्फ शूटर के ईदगाह हिल्स (बाजपेयी नगर) स्थित फ्लैट में बंधक बना लिया।
पुजारी को छोड़ने मांगे थे आठ लाख
डीसीपी के अनुसार आरोपियों ने पुजारी की रिहाई के बदले आठ लाख रुपये की मांग की थी। डरा-धमकाकर पुजारी के भाई से 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए गए और बाकी रकम किश्तों में देने का दबाव बनाया गया।
शादी के खर्च के लिए रची थी साजिश
पूछताछ में सरगना भूरा हड्डी ने स्वीकार किया कि उसे अपनी शादी के खर्च के लिए पैसों की जरूरत थी। वसूली गई 50 हजार रुपये की राशि का बड़ा हिस्सा उसने अपनी हल्दी की रस्म में खर्च कर दिया था। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए पुजारी को रेप केस में फंसाने की पूरी साजिश भी तैयार कर रखी थी।
ये भी पढ़ें- MP News: लाडली बहनों को कल मिलेगी 34वीं किस्त, ग्वालियर में आयोजित सम्मेलन से सीएम अंतरित करेंगे राशि
आठ साल से सक्रिय था गैंग
डीसीपी खंडेलवाल ने बताया कि जांच में सामने आया है कि आकाश उर्फ भूरा हड्डी वर्ष 2018 से इस गैंग को संचालित कर रहा था। करीब आठ साल से यह गैंग भोपाल और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय था। सरगना आकाश उर्फ भूरा के खिलाफ हत्या समेत 31 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों को तीन दिन की रिमांड पर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। हनीट्रैप में शामिल गिरोह की महिला सदस्य फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने गैंग के सरगना आकाश नीलकंठ उर्फ भूरा हड्डी के साथ 40 वर्षीय रामजी ठाकुर पिता सुरेश कुमार ठाकुर, 26 वर्षीय अभिषेक उपाध्याय पिता जुगल किशोर उपाध्याय, 25 वर्षीय अभिषेक मीणा उर्फ बबलू पिता अमर सिंह मीणा, 20 वर्षीय नीरज खानगे पिता जसवंत खानगे और 19 वर्षीय अमित ओसवाल उर्फ मन्नू पिता बालकराम ओसवाल को गिरफ्तार किया है। अधिकांश आरोपी शाहजहांनाबाद और वाजपेयी नगर मल्टी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
