मध्यप्रदेश में फरवरी खत्म होते-होते ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। जारी मौसम आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। दिन का पारा सामान्य से 2 से 4 डिग्री तक ऊपर चल रहा है, जिससे दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं का अहसास होने लगा है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के किसी भी हिस्से में बारिश दर्ज नहीं हुई। सुबह के समय आर्द्रता अपेक्षाकृत अधिक रही, लेकिन शाम तक नमी कम हो गई। दृश्यता सामान्य दर्ज की गई।

खंडवा सबसे गर्म, भोपाल में भी चढ़ा पारा

पश्चिमी मध्यप्रदेश में गर्मी का असर ज्यादा दिखाई दिया।खंडवा में अधिकतम तापमान 35°C दर्ज हुआ, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा। नर्मदापुरम में 34.3°C,गुना में 33.4°C,राजधानी भोपाल में 32.4°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी मध्यप्रदेश में भी हालात अलग नहीं रहे। जबलपुर, दमोह, सागर, रीवा, सतना समेत अधिकांश शहरों में तापमान 32 से 34 डिग्री के बीच रहा।रात के तापमान में अभी हल्की राहत है। सबसे कम न्यूनतम तापमान पचमढ़ी में 11.8°C दर्ज किया गया, जिससे पहाड़ी इलाकों में सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी हुई है।

यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में 2 मार्च से प्रस्तावित बस हड़ताल वापस, अधिसूचना पर रोक; CM बोले-सबके हितों की रक्षा करेंगे

मार्च से मई तक ज्यादा गर्मी के संकेत

इस बीच मौसम विभाग ने मार्च से मई (हॉट वेदर सीजन) के लिए अपना मौसमी आउटलुक जारी किया है। इसके मुताबिक देश के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। मध्य भारत के कई इलाकों में सामान्य से ज्यादा गर्म दिन पड़ सकते हैं। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहने के संकेत हैं, यानी रातें भी धीरे-धीरे गर्म होंगी। मार्च से मई के दौरान कुछ क्षेत्रों में हीटवेव (लू) की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि मार्च 2026 के दौरान देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या उससे अधिक रह सकता है। हालांकि कुछ क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश की संभावना भी जताई गई है, लेकिन उत्तर-पश्चिम और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में कम वर्षा हो सकती है।

यह भी पढ़ें-बड़े तालाब पर फिर कार्रवाई,लेकिन सवाल बरकरार, छोटे अतिक्रमणों पर निशान, बड़े निर्माणों पर अब तक खामोशी

क्या कहता है मौजूदा ट्रेंड?

फरवरी के अंतिम सप्ताह में ही तापमान का 35 डिग्री के करीब पहुंचना इस बात का संकेत है कि मार्च की शुरुआत के साथ गर्मी और तेज हो सकती है। यदि यही रफ्तार बनी रही तो अप्रैल-मई में पारा 42 से 45 डिग्री तक पहुंचने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मध्यप्रदेश में ठंड अब विदा ले चुकी है और आने वाले तीन महीनों में गर्मी अपने पूरे तेवर दिखा सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी लोगों को दोपहर की तेज धूप से बचने, पानी अधिक पीने और सावधानी बरतने की सलाह दे रहे।

 



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *