नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मप्र पुलिस में आरक्षक के 7500 रिक्त पदों पर भर्ती के लिए ग्वालियर सहित प्रदेशभर में सोमवार से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होने जा रही है। 14 मार्च तक शारीरिक दक्षता परीक्षा चलेगी। पहले दिन ग्वालियर के एसएएफ मैदान पर 200 अभ्यर्थी दौड़ेंगे। इस बार सबसे खास बात यह है- शारीरिक दक्षता परीक्षा में किसी तरह का फर्जीवाड़ा न हो, इसके लिए क्यूआर कोड से लैस जैकेट पहनाई जा रही है। परीक्षास्थल पर सबसे पहले आधार कार्ड का सत्यापन फिंगरप्रिंट, रेटीना और फोटो के मिलान से होगा।
फर्जीवाड़ा रोकने के लिए हाईटेक इंतजाम
सत्यापन सफल होने के बाद ही क्यूआर कोड से लैस जैकेट अभ्यर्थी को दी जाएगी। इस जैकेट में क्यूआर कोड होगा, जिसे रोल नंबर से लिंक किया जाएगा। हर चरण में इसी क्यूआर कोड को स्कैनर से स्कैन किया जाएगा, तभी प्रवेश मिलेगा। यह बदलाव पिछली बार हुए फर्जीवाड़े को देखते हुए लिया गया है। पिछली बार आरक्षक भर्ती परीक्षा में कई अभ्यर्थी आधार कार्ड में फर्जीवाड़ा कर भर्ती हो गए थे। लिखित परीक्षा से पहले आधार कार्ड में साल्वर का फोटो अपडेट करवाया और शारीरिक परीक्षा के समय भी बदलाव कराया। पुलिस अधिकारियों का दावा है- इस बार यह फर्जीवाड़ा नहीं हो सकेगा।
परीक्षा का समय और केंद्रों का विवरण
सोमवार सुबह छह बजे सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा स्थल पर पहुंचना होगा। इसके बाद सारे चरण संपन्न होने के बाद ही परीक्षा स्थल से बाहर निकलने दिया जाएगा। रविवार को सुबह से रात तक डीआईजी अमित सांघी की मौजूदगी में शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारियां चलती रहीं। ग्वालियर और चंबल अंचल के आठ जिलों के लिए ग्वालियर के एसएएफ मैदान के अलावा मुरैना में 5वीं वाहिनी परेड ग्राउंड को भी परीक्षा स्थल बनाया गया है।
वहीं भोपाल में लाल परेड ग्राउंड, इंदौर में माउंटेड ट्रूप डिपार्टमेंट परिसर, जबलपुर में 6वीं वाहिनी परेड ग्राउंड, उज्जैन में महानंदा एरीना ग्राउंड, सागर में शासकीय इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज बहेरिया, रीवा में परेड 9वीं वाहिनी परेड ग्राउंड, बालाघाट में फुटबॉल, हॉकी ग्राउंड, रतलाम में भगत सिंह शासकीय महाविद्यालय मैदान में शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी।
अभ्यर्थियों की संख्या और अवकाश की जानकारी
सोमवार और मंगलवार को 200-200 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगे, जबकि इसके बाद हर दिन 400 अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। 2, 3, 4 और 8 मार्च को छुट्टी रहेगी। एसएएफ मैदान पर 64 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनका कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। परीक्षास्थल के हर क्षेत्र को कैमरे से कवर किया गया है। अभ्यर्थियों पर निगरानी के लिए 10-10 अभ्यर्थियों के समूह पर निगरानी की जिम्मेदारी के लिए 3-3 पुलिसकर्मी हर समूह के लिए अलग से तैनात किए गए हैं, जिसमें एक एसआई और प्रधान आरक्षक, आरक्षक शामिल हैं।
कड़ी सुरक्षा
निगरानी के लिए ही सोमवार और मंगलवार को 60-60 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इसके बाद 120 पुलिसकर्मी हर दिन निगरानी में तैनात होंगे। जांच व अन्य सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलग पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
सोमवार से शारीरिक दक्षता परीक्षा प्रारंभ हो रही है। पहले दो दिन 200-200 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगे। इसके बाद प्रतिदिन 400 अभ्यर्थी दौड़ेंगे। जैकेट के क्यूआर का हर चरण में स्कैन होगा। इस जैकेट को रोल नंबर से लिंक किया जाएगा, जिससे किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो। – अमित सांघी, डीआईजी, ग्वालियर रेंज
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में एमपी ट्रांसको का डिजिटल अवतार… ई-ऑफिस प्रणाली शुरू, अब फाइलों का चक्कर होगा खत्म
