एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर बुधवार को प्रदेशभर में भाजपा द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल में तथा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने समाज में समानता, स्वावलंबन और गरीबों के उत्थान का मार्ग दिखाया। एकात्म मानववाद के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारें अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से गरीबों के जीवन में बदलाव लाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से पं. दीनदयाल के आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधारोपण भी किया।
