मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि स्वास्थ्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि लोग भगवान को भले ही न देखें, लेकिन जब बीमारी के समय डॉक्टर उनका इलाज कर उन्हें स्वस्थ करते हैं, तब माता-पिता के बाद डॉक्टर ही भगवान जैसे लगते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के डॉक्टरों का काम सराहनीय है और सरकार ने गठन के बाद से ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया है। मुख्यमंत्री रविवार को आरसीव्हीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने पल्स पोलियो अभियान, सुमन पंचायत कार्यक्रम की शुरुआत की और स्टेट एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस 2.0 पॉलिसी का अनावरण किया। साथ ही एचपीवी टीकाकरण अभियान और स्वस्थ यकृत मिशन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों को सम्मानित किया।
ये भी पढ़ें- Twisha Sharma Case: गिरिबाला सिंह के घर चोरों का धावा, पुलिस को देख जेवरात और महत्वपूर्ण फाइलें छोड़ भागे बदमाश
कोविड काल में भारत ने दुनिया को दिखाई ताकत
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना महामारी के कठिन समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और डॉक्टरों की मेहनत से भारत ने इस चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मजबूत नेतृत्व और देशवासियों के सहयोग से भारत न सिर्फ महामारी से उबरा, बल्कि दुनिया के सामने एक उदाहरण भी बना।
ये भी पढ़ें- MP Police Transfers: एमपी में 65 DSP स्तर के अधिकारियों के तबादले, बालाघाट हॉक फोर्स में 18 अफसरों की तैनाती
स्वास्थ्य सुरक्षा पर सरकार का विशेष जोर
सीएम ने कहा कि सरकार केवल इलाज तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की स्वास्थ्य चुनौतियों से निपटने के लिए भी लगातार काम कर रही है। स्टेट एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस 2.0 पॉलिसी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज का निर्माण सभी की जिम्मेदारी है और सरकार ‘सर्वे सन्तु निरामयाः’ के मंत्र के साथ काम कर रही है।
ये भी पढ़ें- अजाक्स में वर्चस्व की जंग तेज: लेटरहेड पर विवाद, अध्यक्ष पद को लेकर मुकेश मौर्य और संतोष वर्मा आमने-सामने
पल्स पोलियो अभियान के लिए व्यापक तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पल्स पोलियो अभियान के तहत 1,400 विशेष मोबाइल टीमें बनाई गई हैं। इसके अलावा 43 हजार टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी। अभियान में 1.66 लाख वैक्सीनेटर और 26 हजार सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। प्रदेशभर में 83 हजार पोलियो बूथ बनाए गए हैं।
ये भी पढ़ें- MP: ‘मन की बात’ में पीएम ने की ब्यावरा की महिलाओं की सराहना, बोलें-प्लास्टिक कचरे को बनाया सुंदरता का माध्यम
स्वास्थ्य योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, सिकल सेल उन्मूलन और एचपीवी टीकाकरण जैसी योजनाओं से देश के करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान के तहत दो माह में 96 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।
