राजधानी में शुक्रवार को मुहर्रम के अवसर पर निकले मातमी जुलूसों में जहां करबला की शहादत को याद किया गया, वहीं कुछ पोस्टर और टी-शर्ट भी चर्चा का केंद्र बने। जुलूस में शामिल कुछ युवाओं ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। इसके अलावा कई लोगों के हाथों में ऐसे पोस्टर भी दिखाई दिए, जिनमें पहलगाम, मणिपुर, फिलिस्तीन और ईरान से जुड़े घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए आतंकवाद और हिंसा के खिलाफ संदेश दिया गया था। पोस्टरों पर करबला जुल्म के खिलाफ आवाज और दुनिया में कहीं भी आतंकवाद, हर जगह शांति के लिए खतरा है जैसे संदेश लिखे थे। आयोजकों और अकीदतमंदों ने इन्हें करबला की कुर्बानी और अन्याय के विरोध के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत किया।
सुबह से निकले मातमी जुलूस
फतेहगढ़, इमामी गेट, हमीदिया रोड, करोंद और पुराने शहर के अन्य इलाकों से सुबह से ही ताजिए, अलम, बुर्राक और धार्मिक परचमों के साथ जुलूस निकले। विभिन्न अंजुमनों के जुलूस इमामी गेट पर एकत्र हुए, जहां सामूहिक मातम और तकरीरें हुईं। इसके बाद सभी जुलूस करबला की ओर रवाना हुए।
नंगे पैर चले अकीदतमंद, लोगों ने की सेवा
गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में अकीदतमंद नंगे पैर अलम लेकर जुलूस में शामिल हुए। पूरे रास्ते “या हुसैन” की सदाओं के बीच मातम किया गया। रास्ते में कई स्थानों पर लोगों ने सेवा भाव से नंगे पैर चल रहे श्रद्धालुओं के पैरों पर पानी डालकर उन्हें राहत पहुंचाई। जुलूस के दौरान प्रमुख चौराहों पर उलेमा ने करबला की शहादत, हजरत इमाम हुसैन के संघर्ष और इंसानियत, न्याय तथा जुल्म के खिलाफ खड़े होने के संदेश पर तकरीरें कीं। वक्ताओं ने कहा कि करबला का संदेश किसी एक दौर तक सीमित नहीं, बल्कि हर समय अन्याय के विरोध और मानवता की रक्षा की प्रेरणा देता है।
यह भी पढें-मानसून की रफ्तार तेज, अगले 48 घंटे अहम, 45 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुहर्रम जुलूसों को देखते हुए पुराने शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। भारत टॉकीज, नादरा बस स्टैंड, रॉयल मार्केट, शाहजहांनाबाद, कोहेफिजा तिराहा और करबला क्षेत्र सहित कई संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन लागू कर वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से निकाला। फतेहगढ़ क्षेत्र में जुलूस के दौरान एक एंबुलेंस के फंसने पर पुलिस और स्वयंसेवकों ने तुरंत रास्ता खाली कराया, जिसके बाद एंबुलेंस को सुरक्षित आगे रवाना किया गया।
