मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने अपने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के भूमिपूजन और लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान कहा कि जिस मोहल्ले में सड़क बन रही है, वहां हिंदू और मुस्लिम दोनों भाई रहते हैं। उन्होंने कहा कि कई मुस्लिम कार्यकर्ता हमसे कहते हैं कि वे भाजपा को वोट नहीं देते। यदि ऐसा है तो फिर हम जो सड़क बना रहे हैं, उस पर मत चलना। आपके घर लाड़ली लक्ष्मी और लाड़ली बहना योजना का पैसा आ रहा है तो उसे भी मत लो।
विजयवर्गीय के इस बयान की राजनीतिक हलकों में चर्चा है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा किसी के साथ भेदभाव नहीं करती। हम ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के भाव से काम करते हैं। हमारे संगठन और सरकार की यही नीति है। आप वोट देंगे तो हम और अधिक दिल लगाकर काम करेंगे, नहीं देंगे तो भी हम काम जरूर करेंगे।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं। सड़कें चौड़ी की जा रही हैं। पेयजल और सीवरेज लाइनों का जाल भी बिछाया जा रहा है। उन्होंने चंदन नगर क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1 में पौने दो करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इस मौके पर भाजपा के नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने शहर में पानी वितरण करने वाले नगर निगम के टैंकर चालकों का सम्मान भी किया। इसके अलावा वे विधानसभा क्रमांक 1 की सभी आंगनवाड़ियों में सांसद निधि से बोरिंग कराने और फर्नीचर भेंट करने के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने एक बच्ची का जन्मदिन भी मनाया।
