इस मामले में पुलिस पहले हत्या फिर आत्महत्या के एंगल पर भी पड़ताल कर रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। …और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर में सनसनीखेज वारदात
- घरवालों ने देखा तो उड़ गए होश
- अक्सर होता था आपस में विवाद
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के हस्तिनापुर क्षेत्र में पति-पत्नी की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इन दोनों के शव बंद कमरे में फंदे पर लटके मिले हैं। दोनों की लाश बिलकुल सटी हुई है। पुलिस को आशंका है- दोनों में झगड़ा हुआ। इसके बाद एक ने फांसी लगा ली, फिर दूसरे ने भी आत्मघाती कदम उठाया। हालांकि इस मामले में पुलिस पहले हत्या फिर आत्महत्या के एंगल पर भी पड़ताल कर रही है। दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवा दिए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
हस्तिनापुर के रहने वाले लाखन प्रजापति पुत्र स्व.हीरालाल प्रजापति के दो बेटे हैं। बड़े बेटे विनोद प्रजापति उम्र 22 वर्ष की शादी कुछ समय पहले ही 20 वर्षीय लक्ष्मी प्रजापति से हुई थी। लाखन के रिश्तेदार के यहां शादी थी। वह शादी में शामिल होने गए थे। घर पर बड़ा बेटा, बहू लक्ष्मी और छोटा बेटा हिमांशु ही थे। हिमांशु ने अपने भाई को बुलाने के लिए दरवाजा खटखटाया, लेकिन दरवाजा नहीं खुला।
काफी आवाज लगाने के बाद जब अंदर से कोई जवाब नहीं आया तो उसे संदेह हुआ। उसने अपने पिता को फोन लगाया। पिता तुरंत घर आए। दरवाजा तोड़ा और अंदर देखा तो विनोद और लक्ष्मी फांसी के फंदे पर लटके हुए थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाए। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस की नजर में तीन एंगल
- विनोद ने पत्नी की हत्या की, शव फंदे पर लटकाया। इसके बाद खुद फांसी पर झूला।
- दोनों ने साथ में फांसी लगाई। किसी बात को लेकर दोनों ने सामूहिक आत्मघाती कदम उठाया।
- पहले किसी एक ने फांसी लगाई। बदनामी या डर के कारण दूसरे ने भी फांसी लगा ली।
एक ही रस्सी से बनाया फंदा: दोनों एक ही रस्सी के फंदे पर लटके मिले। एंगल पर फंदा बनाया। फिर फांसी लगा ली। दोनों के मुंह एक-दूसरे की तरफ हैं। पुलिस ने फोरेंसिक एक्सपर्ट को भी बुलवाया था।
आपस में होता था झगड़ा: पुलिस को आसपास के लोगों से यह भी पता लगा है कि इनमें आपस में झगड़ा होता था। अक्सर दोनों में विवाद के चलते शोर बाहर भी आता था। रात में भी ऐसा हो रहा था।
दंपती की लाश फंदे पर लटकी मिली है। आत्महत्या और हत्या के बाद आत्महत्या वाले एंगल पर जांच चल रही है। – मनीष यादव, एसडीओपी, बेहट।
