राजधानी भोपाल के कोलार थाना क्षेत्र स्थित दानिशकुंज डीके-1 में केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी के सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाश घर का ताला तोड़कर करीब पांच लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के समय पूरा परिवार उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन के लिए गया हुआ था।

पुलिस के अनुसार दानिशकुंज निवासी अरुण कुमार राय केंद्रीय गृह मंत्रालय में वरिष्ठ पद पर कार्यरत हैं, जबकि उनकी पत्नी ममता राय भाजपा की वरिष्ठ नेत्री हैं। गुरुवार को दोनों परिवार सहित महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन गए थे। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने घर के मुख्य दरवाजे का सेंटर लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के भीतर घुसने के बाद चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। चोरी गए जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें: Sehore: लाड़ली बहना योजना की किश्त लेने पहुंची महिला के सामने पूर्व पति की हत्या, चाकू घोंपकर फरार हुआ देवर

दिलचस्प बात यह है कि चोरों ने घर में रखे आईपैड, लैपटॉप और अन्य कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान को छुआ तक नहीं। उनका निशाना केवल जेवरात ही रहे। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों को घर में रखे सामान और परिवार की गतिविधियों की पहले से जानकारी हो सकती है। शुक्रवार सुबह घर पहुंची नौकरानी ने दरवाजे और अलमारी के ताले टूटे हुए देखे। इसके बाद उसने परिवार को सूचना दी। परिवार के भोपाल लौटने पर चोरी की पुष्टि हुई और पुलिस को शिकायत दी गई।

ममता राय ने पुलिस को बताया कि घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध युवक बाइक पर आते-जाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अंधेरा होने के कारण उनके चेहरे स्पष्ट नहीं दिखाई दे रहे हैं। कोलार थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही संदिग्धों की पहचान कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *