नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। एलिवेटेड रोड निर्माण के चलते फूलबाग चौराहे से गुरुद्वारा तक के मार्ग पर ट्रैफिक अगले दो महीने के लिए बंद कर दिया गया है और वैकल्पिक रास्तों से वाहनों को निकाला जा रहा है। शुक्रवार को इस व्यवस्था का पहला दिन था, इसलिए कई लोगों को पता ही नहीं था।

यही कारण था- पहले ही दिन लोग सीधे गुरुद्वारा मार्ग तक पहुंचे, फिर यहां से वाहनों को वापस मोड़ना पड़ा। इसके चलते इस पूरे रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई और वाहन रेंग-रेंगकर चले। ट्रैफिक पुलिस भी सिर्फ एडवाइजरी जारी करने तक ही सीमित रही और चौराहों से नदारद रही। जब जाम लगने लगा, तब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

naidunia_image

शाम होते ही आधी सड़क पर गाड़ियां, क्रेन नजर ही नहीं आईं

मोती तबेला के सामने चौपाटी पर शाम होते ही रेस्त्रां और फूड स्टाल के सामने सड़क पर गाड़ियां खड़ी हो गई। फुटपाथ पर रेस्त्रां संचालकों का कब्जा है। इसलिए गाड़ियां सड़क पर खड़ी हुई। आधी से ज्यादा सड़क पर पार्किंग थी। पूरे रास्ते पर अवैध पार्किंग से गाड़ी उठाने वाली क्रेन और दो पहिया उठाने वाला निगम अमला नजर नहीं आया। यहां शाम से रात तक जाम के हालात रहे। आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

पड़ाव आरओबी: बाटलनेक पर दोपहर से रात तक जाम

पड़ाव आरओबी के एसकेवी वाले छोर पर बाटलनेक बन गई है। यहां पड़ाव चौराहे से आने वाहन, मोतीमहल से जाने वाले वाहन और होटल तानसेन की ओर उतर रहे वाहन यहीं से यू-टर्न ले रहे थे। इससे जाम लगता रहा। यहां भी ट्रैफिक पुलिस नहीं थी।

हाथी गेट पर तीन तरफ से आ रहा था ट्रैफिक, लगा जाम

मोती तबेला से संकट मोचन हनुमान मंदिर होते हुए मोती महल जाने वाले रास्ते पर जाम लगा। हाथी गेट के सामने तीन तरफ से वाहन आए तो सबसे ज्यादा जाम यहीं पर लगा। फूलबाग से मानस भवन होते हुए आने वाले वाहन इस रास्ते से आ रहे थे। मोती महल से आने वाले वाहन और मोती तबेला से जाने वाले वाहन यहां आमने-सामने फंसे। इससे यहां सबसे ज्यादा जाम लगा।

naidunia_image

डीडी माल वाले रास्ते को पूरी तरह से बंद कर दिया गया हैl नईदुनिया

स्टॉपर लगाए तो गलत दिशा में घुसे वाहन

गुरुद्वारा से रास्ता बंद कर दिया गया है। वहीं रेलवे स्टेशन की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए लक्ष्मीबाई समाधि से वाहनों की आवाजाही रोकी गई है। नदीगेट से मोती तबेला तिराहे से वाहन सीधे जा रहे थे। यहां से वापस लौट रहे थे। यहां कई वाहन जब आगे नहीं जा सके तो शिंदे की छावनी की तरफ घुस गए, इससे जाम लगने लगा। सुबह यहां न तो ट्रैफिक पुलिस थी और न ही इंदरगंज थाने का फोर्स लगा था।

जब जाम लगने लगा तो दारोगा और आरक्षक पहुंचे। फिर पुलिस द्वारा मोती तबेला तिराहे पर स्टॉपर लगा दिया गया, जिससे वाहन गुरुद्वारा की ओर न जा सकें। इसके बाद वाहन चालक सड़क के दूसरी तरफ से गुरुद्वारे की तरफ जाने लगे। यहां कुछ कार व लोडिंग वाहन गलत दिशा में प्रवेश कर गए।

यहां से वापस आना संभव नहीं था, इसलिए शिंदे की छावनी वाले रास्ते पर फिर गलत दिशा में घुसे। यहां से नौगजा रोड होते हुए पड़ाव की तरफ जाने के लिए वाहन चालक गलत दिशा में प्रवेश कर गए और आमने-सामने फंस गए। अर्जी वाले गणेश मंदिर के सामने से लेकर शिंदे की छावनी तिराहे तक जाम लगा। गलत दिशा में प्रवेश करने वाले वाहन चालकों को पुलिसकर्मियों ने समझाइश देकर लौटाया।

वैकल्पिक रास्तों पर ट्रैफिक सुगम चल सके, इसके लिए अवैध पार्किंग और सड़क पर अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई निगम अमले के साथ मिलकर करेंगे। ट्रैफिक प्वाइंट भी लगाए जाएंगे, जिससे गलत दिशा में वाहन प्रवेश न करें। -अजीत सिंह चौहान, डीएसपी, ट्रैफिक।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *