कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की है, इसमें वह भी शामिल है, जिसमें आरोपी पटवारी बताता था। …और पढ़ें

HighLights
- PM आवास योजना के नाम पर बड़ी ठगी
- बहोड़ापुर पुलिस टालती रही मामला
- पीड़ित ने कोर्ट की शरण लेकर दर्ज कराया केस
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। बहोड़ापुर के सागरताल रोड स्थित सरकारी मल्टी में दो फ्लैट दिलाने का झांसा देकर 11 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। ठगी करने वाला कहता था- उसका भाई पटवारी है। उसकी प्रशासन में अच्छी पकड़ है। उसने भाई से फोन पर बात भी करवाई थी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने तीन लोगों पर एफआईआर दर्ज की है, इसमें वह भी शामिल है, जिसमें आरोपी पटवारी बताता था।
विश्वास जीतने थमाईं 25-25 हजार की फर्जी रसीदें
उपनगर ग्वालियर स्थित बाबा कपूर दरगाह के पास रहने वाले मनोज पुत्र छोटेलाल मंगल के संपर्क में अजय श्रीवास्तव निवासी घासमंडी आया था। उसने कहा कि उसका भाई आनंद उर्फ अन्नी श्रीवास्तव पटवारी है। उसकी प्रशासन में अच्छी पकड़ है, इसलिए वह प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनी सरकारी मल्टी में उसे फ्लैट दिला देगा। दो फ्लैट दिलाने के एवज में 11 लाख रुपये लिए।
एक फ्लैट 5.50 लाख रुपये में दिलाने की बात कही। मनोज ने रुपये दे दिए, इसके बाद 25-25 हजार रुपये की दो फर्जी रसीद भी मनोज को दिखाईं। काफी समय बीतने के बाद भी जब फ्लैट नहीं मिला तो उसने इस बारे में बात की।
कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद हुई एफआईआर
हर बार एक-एक महीना कहकर वह टालता रहा। इस दौरान कई बार उसने आनंद श्रीवास्तव से फोन पर बात कराई और कहा कि वह पटवारी है। जल्द ही फ्लैट दिला देगा, फिर मनोज ने अपने रुपये वापस मांगे। न तो रुपये वापस मिले न ही फ्लैट मिला। मनोज ने थाने में शिकायत की, लेकिन एफआईआर नहीं हुई। पुलिस एफआईआर के लिए टालती रही। फरियादी ने कोर्ट में परिवाद लगाया। कोर्ट के आदेश पर इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई है।
