नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। ग्वालियर के बिजौली क्षेत्र में सड़क हादसे में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। इसमें सवार 19 लोग घायल हो गए। इनमें बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। ट्रैक्टर ट्रॉली मोड़ पर अचानक सामने मिनी ट्रक आ जाने पर अनियंत्रित हो गई। पहले से इसमें क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इसके बाद ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क पर ही तीन बार घुमी और पलट गई। ट्राली में 40 से ज्यादा लोग सवार थे।
पुलिस अधिकारी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे
इस हादसे के बाद तुरंत पुलिस अधिकारी एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। इन्हें जिला अस्पताल और जेएएच ले जाया गया। इनमें दो महिला और एक बालिका की हालत गंभीर बताई गई है। घायलों में 19 में से आठ बच्चे हैं। इसमें एक बालक तो महज छह माह का है, जिसके होठ में चोट लगी है।
अस्पताल में घायलों को इलाज होते हुए। नईदुनिया
माता मंदिर पर चल रहा था भंडारा
बिजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत टोरियन का पुरा गांव में रहने वाले करीब 40 लोग ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर यहां से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित माता मंदिर पर गए थे। यहां भंडारे का आयोजन था। भंडारे में शामिल होकर यह लोग शाम को वापस लौट रहे थे। रात करीब 8.30 बजे जैसे ही टोरियन का पुरा से एक किलोमीटर दूर मुख्य सड़क पर पहुंचे तो अचानक सामने मिनी ट्रक आ गया। यह सिंगल रोड है। ट्रैक्टर ट्रॉली का चालक संभल नहीं पाया और ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और तीन बार घुमने के बाद पलट गई। ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने के बाद चीत्कार मच गई। कई लोग ट्रॉली के नीचे दबे थे।
गांव के लोग मदद के लिए दौड़े
आसपास के गांव के लोग भी मदद के लिए दौड़े। इन लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसडीओपी मनीष यादव फोर्स के साथ पहुंच गए और एंबुलेंस भी आ गई। इसके बाद इन्हें अस्पताल ले जाया गया। इस संबध में बेहट एसडीओपी ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से 19 लोग घायल हुए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सामने वाहन आने से यह हादसा हुआ है।
बिना नंबर की ट्रैक्टर ट्रॉलियां, क्षमता से अधिक लोग बैठाकर परिवहन
इस हादसे ने एक बार फिर पोल खोल दी है कि किस तरह ट्रैक्टर ट्राली बिना नंबर के दौड़ रही हैं। चाहें क्षमता से अधिक रेत का परिवहन हो या लोगों को बैठाना। इस ट्रैक्टर ट्रॉली में भी क्षमता से अधिक लोग बैठे हुए थे।
घायल 6 महीने के बच्चे को गोद में लिए उसकी मां। नईदुनिया
यह लोग हुए घायल
मंजेश जाटव, काजल जाटव, राजाबेटी जाटव, प्रियांशी जाटव, रामगोपाल जाटव, दिव्यांश जाटव, अनुष्का जाटव, रेखा जाटव, अनारदेवी, राजू जाटव, अमन जाटव, रामबेटी जाटव, प्रीति जाटव, रामश्री जाटव, रामगोपाल जाटव, कृष्णा जाटव, कार्तिक राजे, कृतिका राजे, देव जाटव, कपिल जाटव।
