राजधानी भोपाल में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी और आपसी रंजिश की घटनाओं ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामलों में शुक्रवार रात दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में जानलेवा हमले हुए, जिनमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, कजलीखेड़ा इलाके में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक पर अज्ञात बदमाश ने पीछे से हमला कर दिया। 30 वर्षीय दीपक वंशकार, पिता प्रेम नारायण वंशकार, निवासी कजलीखेड़ा, अपने मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने आया था। रात में वह घर के बाहर खड़ा था, तभी नशे की हालत में पहुंचे दो युवकों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने दीपक की पीठ में चाकू घोंप दिया और साथी के साथ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

हमले में दीपक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि हमलावर स्थानीय युवक हो सकता है। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले दीपक की इलाके के कुछ लोगों से कहासुनी हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

दूसरी घटना गौतम नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय इमरान ई-रिक्शा चालक है। उसका साथी चालक राजू रमन से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि राजू रमन ने पास में पड़ा भारी पत्थर उठाकर इमरान के सिर पर दे मारा। हमले में इमरान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गहरी चोट आई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को रवाना कर दिया है।

भोपाल में नहीं थम रही हिंसक घटनाएं

यह पहला मौका नहीं है जब भोपाल में मामूली विवाद जानलेवा हमले में बदल गया हो। हाल के दिनों में जहांगीराबाद, ऐशबाग, छोला मंदिर और कोलार समेत कई क्षेत्रों में गाड़ी टकराने, घूरकर देखने या मामूली लेन-देन जैसे कारणों को लेकर चाकूबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। पिछले कुछ महीनों में शहर के घनी आबादी वाले इलाकों और झुग्गी बस्तियों में धारदार हथियारों से हमले के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पढे़ं: दिग्विजय सिंह की मानहानि याचिका में उमा भारती को जवाब दाखिल करने की मोहलत, जानें अगली तारीख कब?

पुलिस द्वारा लगातार गुंडा अभियान चलाने और बदमाशों पर कार्रवाई किए जाने के बावजूद अपराधियों में कानून का भय कम दिखाई दे रहा है। खासकर रात के समय शादी-समारोहों और सुनसान सड़कों पर सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।



तेज रफ्तार ट्रक ने पेट्रोलपंप कर्मचारी को कुचला, मौके पर ही मौत 


खजूरी सड़क थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से पेट्रोल पंप कर्मचारी की मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 वर्षीय नितेश यादव, पिता अशोक यादव, आमनाखेड़ी गांव का निवासी था। वह भैंसाखेड़ी स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत था। बुधवार-गुरुवार की रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था।

गुरुवार सुबह करीब 10:15 बजे खजूरी सड़क क्षेत्र में एक मोड़ के पास सामने से आ रहे आयशर ट्रक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि नितेश की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed