ग्वालियर के विंडसर हिल में वर्जर पेंट कंपनी के मैनेजर मनोज पाटिल का शव उनके बंद घर में मिला। ड्यूटी पर न पहुंचने और फोन न उठाने पर घटना का खुलासा हुआ। …और पढ़ें

HighLights
- कंपनी के मैनेजर का घर में मिला शव
- ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो हुआ खुलासा
- दरवाजा तोड़ने पर मृत अवस्था में मिले
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। मालनपुर स्थित वर्जर पेंट कंपनी के एक मैनेजर का शव उनके घर में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना का पता उस समय चला जब वह निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे और उनका मोबाइल फोन भी रिसीव नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद मर्ग कायम कर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
घर में अकेले रह रहे थे मैनेजर मनोज पाटिल
जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के ठाणे निवासी 52 वर्षीय मनोज कृष्ण पाटिल वर्जर पेंट कंपनी में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। वर्तमान में वह ग्वालियर के विंडसर हिल क्षेत्र में परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले उनके परिजन महाराष्ट्र गए हुए थे, जिसके कारण वह घर में अकेले रह रहे थे।
दरवाजा तोड़ने पर मृत अवस्था में मिले मैनेजर
बुधवार को जब मनोज पाटिल ड्यूटी पर नहीं पहुंचे तो कंपनी के कर्मचारियों ने उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उनका फोन लगातार बंद या अनुत्तरित रहा। काफी देर तक संपर्क नहीं होने पर कंपनी के कुछ कर्मचारी उनके निवास पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर घर का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
कर्मचारियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन भीतर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। अनहोनी की आशंका के चलते दरवाजा तोड़ा गया। अंदर पहुंचने पर मनोज पाटिल मृत अवस्था में मिले।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। वहीं घटना की सूचना परिजनों को भी दे दी गई है।
