ग्वालियर में किराए की कार लेकर धार्मिक स्थलों के दर्शन करने निकले तीन युवकों ने लौटते समय चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। …और पढ़ें

Publish Date: Fri, 12 Jun 2026 08:28:07 PM (IST)Updated Date: Fri, 12 Jun 2026 08:31:07 PM (IST)

धार्मिक स्थलों का दर्शन करने निकले युवकों ने खुद टैक्सी चलाने की बात कह ड्राइवर से मांगी चाबी, मना करने पर सिर और सीने पर पत्थरों से किया वार, गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर
Photo credit-AI Generated

HighLights

  1. आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू
  2. फ्रेश होने का बहाना बनाकर कार रुकवाई
  3. अधिक खून बहने के कारण ड्राइवर की हालत गंभीर

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। किराए की कार लेकर धार्मिक स्थलों के दर्शन करने निकले तीन युवकों ने लौटते समय चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि युवकों ने कार चलाने के लिए चाबी मांगी और चालक द्वारा मना करने पर उसके सिर, सीने और हाथ पर पत्थरों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना गिजौर्रा थाना क्षेत्र में राजन बाबा चबूतरे के पास दूध खो धाम रोड पर हुई। घायल चालक को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है।

आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कुहर्रा निवासी 50 वर्षीय धर्मेन्द्र सिंह जाट अपनी अर्टिगा कार किराए पर चलाते हैं। नौ जून की सुबह हथनौरा निवासी अरुण बघेल ने दंदरौआ, रतनगढ़ और दूध खो धाम दर्शन के लिए 3500 रुपये में कार बुक की थी।

उसके साथ राहुल बघेल और अमित बघेल निवासी बिलौआ भी सवार थे। धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद जब सभी वापस लौट रहे थे, तभी राजन बाबा चबूतरे के पास तीनों युवकों ने धर्मेन्द्र से कार चलाने के लिए चाबी मांगी। चालक ने वाहन सौंपने से मना कर दिया।

फ्रेश होने का बहाना बनाकर कार रुकवाई

आरोप है कि इसके बाद अरुण बघेल ने फ्रेश होने का बहाना बनाकर कार रुकवाई। जैसे ही धर्मेंद्र कार से नीचे उतरे, अरुण ने पीछे से उनके सिर पर भारी पत्थर से हमला कर दिया। अचानक हुए वार से धर्मेन्द्र जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर से खून बहने लगा। इसके बाद राहुल और अमित ने भी पास पड़े पत्थरों से उनके सीने और दाहिने हाथ पर हमला कर दिया।

घायल चालक ने खुद को बचाने का प्रयास किया और अरुण का पैर पकड़ लिया। इसी दौरान सड़क पर अन्य वाहन आते दिखाई दिए। लोगों के आने की आशंका से राहुल और अमित मौके से भाग निकले। बाद में अरुण भी जंगल की ओर फरार हो गया।

यह भी पढ़ें- रात के अंधेरे में मौत बनकर दौड़ी कार: ग्वालियर में स्कूटी सवार को हवा में उछाला, फिर दूसरी कार में जा घुसी

अधिक खून बहने के कारण ड्राइवर की हालत गंभीर

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद धर्मेन्द्र किसी तरह कार चलाकर अपने भांजे विवेक जाट के घर पहुंचे। वहां से उन्हें पुलिस के पास ले जाया गया। अधिक खून बहने के कारण उनकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया।

पुलिस का कहना है कि चालक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की तलाश की जा रही है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *