पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इमामबाड़ा निवासी आसिफ का पालतू कुत्ता पड़ोस में रहने वाले 70 वर्षीय जाफिर के घर में घुस गया था। जाफिर ने कुत्ते को डंडे से मारकर घर से भगाया। इस बात को लेकर आसिफ नाराज हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई।
आरोप है कि आसिफ ने जाफिर और उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। बुजुर्ग जाफिर को गंभीर चोटें आईं। उनकी पत्नी के सर में भी गंभीर चोटें आई परिजन उन्हें थाने ले जा रहे थे तभी रास्ते में आरोपी ने फिर से हमला कर दिया। जाफिर को सड़क पर गिराकर लात घूंसों से पीटा गया।
घटना के बाद परिजन लहूलुहान हालत में जाफिर को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया। वहां से भी ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही जाफिर ने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे चांद खान ने बताया कि घटना के समय उसके माता पिता घर पर अकेले थे। आसिफ ने पहले घर में घुसकर माता पिता से मारपीट की। जब वह उन्हें थाने ले जा रहा था तो आरोपी ने रास्ते में गाड़ी से खींचकर फिर से हमला कर दिया। सिर और सीने में गंभीर चोट लगने से पिता की जान चली गई।
ये भी पढ़ें- MP Rajya Sabha: एमपी की तीन सीटों पर BJP के उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित, रिटर्निंग अफसर ने सौंपा प्रमाण पत्र
देहात थाना पुलिस ने मामले में तत्काल कार्रवाई की। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपी आसिफ के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग अलग टीमें दबिश दे रही हैं। आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। आसिफ के परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
